डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में होप्स एफसी की जीत
- होप्स एफसी ने शक्ति एफसी को 5-2 से पराजित किया
- होप्स एफसी के तनिश ने हैट्रिक समेत चार गोल दागे
संवाददाता
नई दिल्ली। तनिश की हैट्रिक समेत चार गोल की बदौलत होप्स एफसी ने बड़ी जीत से डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में अपना अभियान शुरू किया। गुरुवार को पूर्व दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में होप्स एफसी ने शक्ति एफसी को 5-2 से पराजित किया और पूरे तीन अंक बटोरे। तनिश ने 18वें, 28वें, 39वें और 88वें मिनट में चार गोल दागे और टीम का पांचवां गोल वैभव ने 90+4वें मिनट में किया। वहीं, शक्ति एफसी की तरफ से डेविड ने 20वें और राहुल ने 74वें मिनट में एक-एक गोल किया।

इस मुकाबले का पहला गोल तनिश ने दागा लेकिन डेविड ने 20वें मिनट में गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। तनिश ने 28वें और 39वें मिनट में गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की, जो इस सीजन में पहली तिकड़ी रही। मध्यांतर के बाद शक्ति एफसी के राहुल ने 74वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-3 कर दिया। लेकिन तनिश ने 88वें मिनट में अपना चौथा गोल करके होप्स एफसी की बढ़त 4-2 कर दी। इंजुरी टाइम में वैभव ने 90+4वें मिनट में मैच का अंतिम गोल करके होप्स एफसी की 5-2 से जीत तय कर दी।


वरिष्ठ पत्रकार
