डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में गोल हंटर्स एफसी और ग्रोइंग स्टार एससी जीते
- गोल हंटर्स एफसी ने बंगदर्शन फुटबॉल एसोसिएशन को 4-1 से पराजित किया
- ग्रोइंग स्टार स्पोर्ट्स क्लब ने ईमी हीरोज एफसी को 3-0 से शिकस्त दी
संवाददाता
नई दिल्ली। गोल हंटर्स एफसी और ग्रोइंग स्टार स्पोर्ट्स क्लब ने डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में अपने मुकाबले जीतकर पूरे तीन-तीन अंक बटोरे। मंगलवार को पूर्व दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में गोल हंटर्स एफसी ने बंगदर्शन फुटबॉल एसोसिएशन को 4-1 से पराजित किया जबकि ग्रोइंग स्टार स्पोर्ट्स क्लब ने ईमी हीरोज एफसी को 3-0 से शिकस्त दी। गोल हंटर्स एफसी के लिए फॉरवर्ड महिप अधिकारी ने दो और तुषार कत्याल व निशांत गुसाईं ने एक-एक गोल किया जबकि ग्रोइंग स्टार स्पोर्ट्स क्लब की जीत में फॉरवर्ड गौरव नेगी ने दो और एन्नी ने एक गोल दागा।

दिन के पहले मुकाबले में गोल हंटर्स एफसी ने बंगदर्शन फुटबॉल एसोसिएशन को 4-1 से हराया। इस मुकाबले में गोल हंटर्स की ओर से दोनों हाफ में दो-दो गोल किए गए। लेकिन मुकाबले में बढ़त बनाई बंगदर्शन ने। उसकी तरफ से डिफेंडर सौरभ रावत ने चौथे मिनट में गोल दिया। इस झटके से जागे गोल हंटर्स को बराबरी फॉरवर्ड तुषार कत्याल ने 11वें मिनट में दिलाई। डिफेंडर निशांत गुसाईं ने 35वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-1 कर दिया। इस कारण गोल हंटर्स 2-1 गोल की बढ़त के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गई। मध्यांतर के बाद करके अनुभवी फॉरवर्ड महिप अधिकारी ने 77वें व 78वें मिनट में दो गोल करके गोल हंटर्स के पक्ष में स्कोर 4-1 कर दिया। रैफरी मोहम्मद फैजल की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक यही स्कोर बना रहा।

दिन के दूसरे मुकाबले में ग्रोइंग स्टार स्पोर्ट्स क्लब ने ईमी हीरोज एफसी को 3-0 से परास्त किया। मैच में ग्रोइंग स्टार स्पोर्ट्स क्लब का दबदबा रहा, उसकी तरफ से पहले हाफ में दो और दूसरे हाफ में एक गोल किया गया। फॉरवर्ड एन्नी ने 11वें मिनट में गोल करके टीम का खाता खोला। इसके बाद फॉरवर्ड गौरव नेगी ने 31वें मिनट में अपना पहला और टीम के लिए दूसरा गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। मध्यांतर के समय तक ग्रोइंग स्टार दो गोल की बढ़त थी। दूसरे हाफ में गौरव ने 68वें मिनट में अपना दूसरा और टीम के लिए तीसरा गोल किया। मैच रैफरी की लंबी सीटी बजने तक ग्रोइंग स्टार के पक्ष में स्कोर 3-0 रहा।


वरिष्ठ पत्रकार
