June 16, 2025

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

‘बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्स वुमन ऑफ द इयर’: असली हकदार विनेश!

  • बीबीसी अवार्ड के पांचवें संस्करण के लिए जिन पांच महिला खिलाड़ियों को नामित किया गया है उनमें गोल्फर अदिति अशोक, शूटर मनु भाकर, पैरा-निशानेबाज अवनि लेखरा, क्रिकेटर स्मृति मंधाना और पहलवान विनेश फोगाट हैं
  • 30 वर्षीय विनेश फोगाट भारतीय महिला शक्ति की सबसे जांबाज एवं जुझारू में से एक हैं, जिसने महिला खिलाड़ियों के साथ हो रहे अनाचार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाया और खूब नाम-यश कमाया।
  • पेरिस ओलम्पिक में इस पहलवान ने ओलम्पिक चैम्पियन और विश्व चैम्पियन को हराकर तहलका मचाया और पदक गंवाया लेकिन उसने हार नहीं मानी और चुनाव जीतकर महिला शक्ति और सम्मान का बिगुल बजाया  

राजेंद्र सजवान

हर साल की तरह एक बार फिर से ‘बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्स वुमन ऑफ द इयर’ के नॉमिनी घोषित कर दिए गए हैं। पांचवें संस्करण के लिए जिन पांच महिला खिलाड़ियों को नामित किया गया है उनमें गोल्फर अदिति अशोक, शूटर मनु भाकर, पैरा-निशानेबाज अवनि लेखरा, क्रिकेटर स्मृति मंधाना और पहलवान विनेश फोगाट हैं। इसमें से हर एक को उसके खेल में असाधारण योगदान के लिए जाना जाता है और सभी एक से बढ़कर एक हैं।

उल्लेखनीय है कि इन पांच नामों का चयन जाने-माने खेल पत्रकारों और प्रतिष्ठित लेखकों की जूरी द्वारा किया गया है। बीबीसी न्यूज की डिप्टी ग्लोबल डायरेक्टर फियोना क्रैक के अनुसार, पांचों चुनी गई खिलाड़ी अपने-अपने खेल की माहिर हैं और जबरदस्त सफलताएं अर्जित कर उन्होंने देश का नाम रोशन किया है। कौन सर्वश्रेष्ठ है और किसकी उपलब्धियां श्रेष्ठतम रही है, फैसला वोट द्वारा होगा।

बीबीसी की भारतीय भाषाओं की वेबसाइट और बीबीसी न्यूज स्पोर्ट्स की वेबसाइट के जरिये 31 जनवरी तक वोटिंग की जा सकती है। 17 फरवरी को इसके विजेता का ऐलान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए नामित खिलाड़ियों में गोल्फर अदिति अशोक अपने खेल का बड़ा नाम है। वह तीन ओलम्पिक खेल चुकी हैं लेकिन पदक नहीं जीता। एशियाड में रजत पदक और अर्जुन अवार्ड उनके नाम है।

निशानेबाज मनु भाकर के नाम एक ओलम्पिक में दो पदक (दोनों कांस्य) जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी होने की उपलब्धि है। वह खेल रत्न पा चुकी है और विश्व स्तर पर नाम कमाया है। 23 साल की पैरा-निशानेबाज अवनि लेखरा तीन ओलम्पिक पदक जीतने वाली अकेली भारतीय खिलाड़ी हैं। 28 साल की बल्लेबाज स्मृति मंधाना के नाम क्रिकेट के ढेरों रिकॉर्ड है और वह महिला खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल है।

   लेकिन 30 वर्षीय विनेश फोगाट विश्व स्तर और कॉमनवेल्थ गेम्स में कुश्ती के पदक जीत चुकी हैं। वह भारतीय महिला शक्ति की सबसे जांबाज एवं जुझारू में से एक हैं, जिसने महिला खिलाड़ियों के साथ हो रहे अनाचार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाया और खूब नाम-यश कमाया। पेरिस ओलम्पिक में उसने ओलम्पिक चैम्पियन और विश्व चैम्पियन को हराकर तहलका मचाया और पदक गंवाया। उसने हार नहीं मानी और चुनाव जीतकर महिला शक्ति और सम्मान का बिगुल बजाया। बेशक, विनेश ही है वो वूमन, जिसे बीबीसी खोज रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *