‘सीनियर’ एलावेनिल ने जीता गोल्ड, तो ‘जूनियर’ शांभवी का नया एशियाई रिकॉर्ड
- ओलंपियन एलावेनिल वलारिवन ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया
- शांभवी क्षीरसागर ने जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई जूनियर फाइनल रिकॉर्ड तोड़कर स्वर्ण पदक जीता
- मेघना सज्जनार ने 8वें महीने की गर्भावस्था के दौरान व्यक्तिगत कांसा और टीम गोल्ड जीतने का कारनामा किया
संवाददाता
नई दिल्ली, 07 फरवरी 2026: ओलंपियन एलावेनिल वलारिवन ने जापान की मिसाकी नोबाटा की कड़ी चुनौती पर पार पाते हुए एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप, नई दिल्ली में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, शांभवी क्षीरसागर ने जूनियर वर्ग में सटीक शूटिंग करते हुए नया एशियाई जूनियर फाइनल रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। महिला यूथ वर्ग में ओजस्वी ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीता। चैंपियनशिप के पांचवें दिन भारतीय निशानेबाजों ने दबदबा जारी रखते हुए 10 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसके साथ भारत का कुल पदक संग्रह 43 हो गया है, जिसमें 27 स्वर्ण, 10 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं।

शनिवार को राजधानी दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही मेघना सज्जनार ने कांस्य पदक जीता और एलावेनिल और आर्या बोर्स के साथ मिलकर सीनियर टीम वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। मेघना का व्यक्तिगत कांसा और टीम गोल्ड इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि उन्होंने यह कारनामा 8वें महीने की गर्भावस्था के दौरान किया। वहीं, जूनियर महिला वर्ग शांभवी के साथ मन्यता सिंह और अनीशा शर्मा ने भारत को पोडियम पर क्लीन स्वीप दिलाया।

दिन की शुरुआत 50 मीटर पिस्टल पुरुष स्पर्धा में भारत के पोडियम स्वीप के साथ हुई। पूर्व 10 मीटर एयर पिस्टल वर्ल्ड नंबर-1 सौरभ चौधरी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कमलजीत चौधरी और मौजूदा विश्व चैंपियन रविंदर सिंह ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा के जूनियर वर्ग में योगेश कुमार ने स्वर्ण पदक जीता।

एलावेनिल दो सीरीज़ के बाद पांचवें स्थान पर थीं, लेकिन 18वें शॉट तक आते-आते उन्होंने धीरे-धीरे बढ़त बना ली। उन्होंने पूरे संयम के साथ अंत तक बढ़त बनाए रखी, जबकि नोबाटा मिसाकी और मेघना उनके काफ़ी करीब रहीं। 18वें शॉट तक पदक की दौड़ में बनी रहीं आर्या बोरसे 9.8 के लो शॉट के बाद पदक से बाहर हो गईं, हालांकि इसके बाद उन्होंने दो 10.2 स्कोर किए। नोबाटा ने फाइनल में लगातार दो 10.8 लगाए, लेकिन एलावेनिल ने एलिमिनेशन स्टेज में 10.6 के साथ कुल 10 शॉट्स लगाए, जिनमें एक 10.9 भी शामिल था। भारतीय तिकड़ी ने 1892.6 के संयुक्त स्कोर के साथ टीम स्वर्ण पदक भी जीता।

जूनियर फाइनल में शांभवी क्षीरसागर ने 253.7 का स्कोर करते हुए 2024 में जकार्ता में ईशा अनिल ताकसाले द्वारा बनाए गए 253.1 के एशियाई जूनियर रिकॉर्ड को तोड़ दिया। शुरुआत से ही आक्रामक लय में नजर आईं शांभवी ने मन्यता सिंह पर चार अंकों की बढ़त के साथ स्वर्ण पदक जीता। मन्यता ने 249.7 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया। शांभवी के अंतिम आठ शॉट्स रहे—10.7, 10.7, 10.8, 10.8, 10.9, 10.5, 10.9 और 10.7—जो उनके दबदबे को दर्शाते हैं। अनीशा शर्मा ने 227.5 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। तीनों ने मिलकर 1884.2 के संयुक्त स्कोर के साथ टीम स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया।

ओजस्वी ठाकुर ने यूथ वर्ग में 250.4 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीतकर दिन के सभी स्वर्ण पदक भारत के नाम सुनिश्चित किए। श्रीलंका की उमाया ओविटिगाला विथानाजे ने रजत जबकि यास्मिन फिगिला अचादियात ने कांस्य पदक जीता। ओजस्वी ने अन्वी विक्रम राठौड़ और हृद्या श्री कोंडूर के साथ मिलकर 1890.6 के स्कोर के साथ टीम स्वर्ण पदक भी जीता।
अन्य परिणाम:-
- 50 मीटर पिस्टल पुरुष स्वर्ण – सौरभ चौधरी (भारत) – 563-12x रजत – कमलजीत चौधरी (भारत) – 561-16x कांस्य – रविंदर सिंह (भारत) – 559-10x
- 50 मीटर पिस्टल पुरुष टीम स्वर्ण – भारत रजत – उज्बेकिस्तान कांस्य – वियतनाम
- 50 मीटर पिस्टल जूनियर पुरुष स्वर्ण – योगेश कुमार (भारत) – 557-10x रजत – सोदिकजोन अब्दुल्लाएव (उज्बेकिस्तान) – 544-10x कांस्य – गुंताजप्रीत सिंह (भारत) – 542-7x


वरिष्ठ पत्रकार
