आठवां दिन: मनु भाकर पदकों की हैट्रिक से चूकी

  • एक ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी मनु 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल्स में चौथे स्थान पर रही
  • हंगरी की शूटर ए.वी. मेजर के साथ मनु का 28 अंक का स्कोर टाई हो गया और फिर शूटऑफ में महज एक शॉट के अंतर से हार गई   

संवाददाता

पेरिस ओलम्पिक गेम्स में दो कांस्य पदक जीतने वाली अकेली भारतीय खिलाड़ी मनु भाकर शनिवार को खेलों के महाकुंभ के आठवें दिन पदकों की हैट्रिक नहीं लगा पाई। वह शैटॉरौक्स के नेशनल शूटिंग सेंटर में खेली गई 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल्स में एक समय अच्छी शूटिंग कर रही थी लेकिन हंगरी की शूटर ए.वी. मेजर के साथ उनका 28 अंक का स्कोर टाई हो गया और फिर शूटऑफ में महज एक शॉट के अंतर से हार गई। शुक्रवार को सातवें दिन मनु ने क्वालीफिकेशन राउंड में दूसरा स्थान हासिल करके फाइल्स में प्रवेश किया। उन्होंने (प्रिसिजन में 294 और रैपिड में 296) कुल 590 अंक हासिल किए। मनु भारत के कुल तीन पदकों में से दो ब्रॉन्ज जीत चुकी हैं जबकि तीसरा ब्रॉन्ज मेडल स्वप्निल कुसाले ने छठे दिन पुरुष व्यक्तिगत 50 मीटर थ्री पोजीशन राइफल स्पर्धा में जीता है। प्रतिभाशाली शूटर मनु मंगलवार को एक ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी। वह सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा और रविवार को महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं।

   उधर, शूटिंग से आए तीन ब्रॉन्ज की बदौलत भारत ने पेरिस ओलम्पिक गेम्स की पदक तालिका में आठवें दिन भारत संयुक्त 49वें स्थान पर है। खबर लिखे जाने तक चीन टॉप पर है। उसके खाते में 14 स्वर्ण, 10 रजत व नौ कांस्य हैं। ऑस्ट्रेलिया 12 स्वर्ण, सात रजत और पांच कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है। मेजबान फ्रांस तीसरे स्थान पर है, जो 11 स्वर्ण, 13 रजत और 14 कांस्य झटक चुका है।

  • दीपिका कुमार और भजन कौर हारी, तीरंदाजी में अभियान समाप्त

तीरंदाजी स्पर्धा में दीपिका कुमार और भजन कौर की हार के साथ ही भारत का अभियान समाप्त हो गया। अनुभवी दीपिका महिला व्यक्तिगत तीरंदाजी स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में हारी तो भजन कौर प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हारकर बाहर हुईं। शाम को दीपिका को कड़े मुकाबले में दक्षिण कोरिया की सुहयेओन नाम ने 6-4 (26-28, 28-25, 28-29, 29-27, 29-27) से हराया। इससे पहले दोपहर को दीपिका ने प्री-क्वार्टर मुकाबले में जर्मनी मिसेल क्रोपेन को 6-4 (27-24, 27-27, 26-25, 29-27, 27-27) से पराजित किया। शाम को ही एक अन्य भारतीय तीरंदाज भजन कौर को शूटऑफ तक चले संघर्षपूर्ण प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दियानंदा चोइरुनिसा के हाथों 5-6 (28-29, 27-25, 26-28, 28-28, 27-26) से नजदीकी हार मिली। पांच सेटों तक ये दोनों तीरंदाज 5-5 के स्कोर की बराबरी पर थीं। शूटऑफ में भजन ने जहां आठ पर निशाना लगाया वहीं, दियानंदा के तीर ने नौ को टारगेट किया, जिससे उन्हें एक अंक मिला जबकि भारतीय तीरंदाज बाहर हो गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *