March 17, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

खालसा, किरोड़ी मल और विवेकानंद कॉलेज पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी टूर्नामेंट में जीते

  • श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ने आईजीआईपीईएस को 6-0 से रौंदा
  • किरोड़ी मल कॉलेज ने सेंट स्टीफंस कॉलेज को 11-2 से करारी शिकस्त दी
  • महिला वर्ग में विवेकानंद कॉलेज ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज को 1-0 से हराया

संवाददाता

नई दिल्ली: पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट के पहले दिन मेजबान श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, किरोड़ी मल कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज ने अपने मुकाबले जीते।

   पुरुष वर्ग के मैच में खालसा कॉलेज ने इंदिरा गांधी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान संस्थान (आईजीआईपीईएस) को 6-0 से रौंद डाला। विजेता टीम के लिए विपिन ने 4 गोल किए, जबकि मनीष और तनुज ने एक-एक गोल किया। मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के विपिन को चुना गया।

   किरोड़ी मल कॉलेज ने सेंट स्टीफंस कॉलेज को 11-2 से करारी शिकस्त दी। समर सिंह और रोहित डांगी ने चार-चार गोल किए। मैन ऑफ द मैच समर सिंह को चुना गया।

   महिला वर्ग में विवेकानंद कॉलेज ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज को 1-0 से हराया। महिमा ने 58वें मिनट में मैच का एकमात्र व विजयी गोल दागा। प्लेयर ऑफ द मैच श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज की मोनिका को चुना गया।

श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के मैदान में उद्घाटन समारोह में खिली धूप में पीएसपीबी के सलाहकार श्री ललित वत्स मुख्य अतिथि थे और दिल्ली यूनिवर्सिटी के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सरिता त्यागी विशिष्ट अतिथि थीं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा करके उनका हौसला बढ़ाया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मेहमानों के साथ एसजीटीबी खालसा कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर गुरमोहिंदर सिंह, दिल्ली विश्वविद्यालय खेल परिषद के सहायक निदेशक डॉ. सुशील कुमार और पद्म श्री पुरस्कार विजेता डॉ. रवि चतुर्वेदी ने किया। टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण ‘द कम्प्लीट सॉल्यूशंस स्पोर्ट्स’ पर हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *