June 16, 2025

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

गढ़वाल हीरोज और फ्रेंड्स यूनाइटेड की दमदार जीत

  • गढ़वाल हीरोज ने यूनाइटेड भारत को 5-1 से धो डाला
  • फ्रेंड्स यूनाइटेड ने पहले संस्करण की विजेता वाटिका एफसी को 3-0 से हराया

संवाददाता 

गढ़वाल हीरोज क्लब और फ्रेंड्स यूनाइटेड ने मंगलवार को डीएसए दिल्ली प्रीमियर लीग में अपने-अपने मैच आसानी से जीत कर पूरे अंक अर्जित किए। राजधानी दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के ग्राउंड 13 पर खेले गए पहले मुकाबले में गढ़वाल ने यूनाइटेड भारत को 5-1 से धो डाला। दिन के दूसरे मुकाबले में फ्रेंड्स यूनाइटेड ने पहले संस्करण की विजेता वाटिका एफसी पर 3-0 की जीत दर्ज की। फ्रेंड्स यूनाइटेड की जीत में जितेंदर सिंह राणा, लकी और अक्षय हुरिया ने गोल किए।

   गढ़वाल हीरोज के लिए मुस्तफा शेख, पियूष भंडारी, आदित्य अधिकारी, इशानबूक भूफाग और नीलीम कुमार ने गोल जमाए। पराजित टीम का इकलौता गोल मौसा अहमद कुरैसी ने किया। गढ़वाल ने हालांकि दूसरे ही मिनट में मुस्तफा की दमदार वॉली पर बढ़त बनाई लेकिन यूनाइटेड भारत ने 25वें मिनट में मौसा अहमदके गोल से हिसाब चुकता कर दिया। दूसरे हाफ में तो जैसे यूनाइटेड भारत को  सांप सूघ गया जबकि गढ़वाल पाला बदलने के बाद अलग टीम नजर आई। बेहतर तालमेल और आक्रमक रणनीति के साथ उसने यूनाइटेड भारत की यूनिटी की बखिया उधेड़ डाली और मनमर्जी के गोल भेद कर मुकाबले को एकतरफा कर दिया। इशानबूक, प्लेयर ऑफ द मैच पियूष भंडारी और आदित्य अधिकारी के तालमेल से विपक्षी रक्षापंक्ति तितर-बितर हो गई, जिसका फायदा उठा कर मौजूदा चैम्पियन गढ़वाल ने अपनी जीत को आसान बना दिया।

   दूसरे मैच की विजेता फ्रेंड्स यूनाइटेड के विरुद्ध वाटिका गोल का खाता नहीं खोल पाई। फ्रेंड्स यूनाइटेड ने शुरू से ही आक्रमक रुख अपनाया और पहले हाफ में जितेंदर सिंह राणा, लकी और अक्षय हुरिया के गोलों से बढ़त बनाने के बाद पीछे मुड़ कर नहीं देखा। हालांकि पाला बदलने के बाद वाटिका ने बेहतर प्रदर्शन किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों ही मुकाबलों की पराजित टीमों का प्रदर्शन किसी भी स्तर पर स्तरीय कदापि नहीं रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *