छठा दिन: स्वप्निल कुसाले ने जीता भारत का तीसरा ब्रॉन्ज

  • स्वप्निल ने पुरुष व्यक्तिगत 50 मीटर थ्री पोजीशन राइफल स्पर्धा के फाइनल्स में 451.4 अंक बटोर कर तीसरा स्थान हासिल किया
  • यह उनका पहले ही ओलम्पिक में मेडल है
  • इस तरह भारत के तीनों ब्रॉन्ज शूटिंग से आए हैं, क्योंकि उनसे पहले मनु भाकर दो कांस्य पदक (एक सरबजोत सिंह के साथ) जीत चुकी हैं

संवाददाता

शैटॉरौक्स के नेशनल शूटिंग सेंटर से एक और अच्छी खबर आई है।  स्वप्निल कुसाले ने ओलम्पिक गेम्स 2024 में भारत का तीसरा ब्रॉन्ज जीत लिया है। गुरुवार को प्रतियोगिता के छठे दिन उन्होंने पुरुष व्यक्तिगत 50 मीटर थ्री पोजीशन राइफल स्पर्धा के फाइनल्स में 451.4 अंक बटोर कर तीसरा स्थान हासिल करके अपने पहले ही ओलम्पिक में मेडल जीता। फाइनल्स के दौरान खराब एयरकंडिशनिंग के कारण गर्म हालात को फायदा स्वप्निल को मिला, क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वी शूटर पसीने से नहा रहे थे जबकि वो एकदम शांत व अडिग नजर आ रहे थे।

उन्होंने बुधवार को क्वालीफिकेशन राउंड में 590 अंक हासिल किए और वह सातवें स्थान पर रहे। इसी स्पर्धा में एक अन्य भारतीय एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर आगे नहीं बढ़ पाए। इस तरह भारत के तीनों ब्रॉन्ज शूटिंग से आए हैं। उनसे पहले मनु भाकर दो कांस्य पदक (एक सरबजोत सिंह के साथ) जीत चुकी हैं। प्रतिभाशाली शूटर मनु मंगलवार को एक ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी। वह सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा और रविवार को महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी है।

उधर, शूटिंग से आए तीन ब्रॉन्ज की बदौलत भारत ने पेरिस ओलम्पिक गेम्स की पदक तालिका में छठे दिन भारत संयुक्त 43वें स्थान पर है। खबर लिखे जाने तक चीन टॉप पर है। उसके खाते में 11 स्वर्ण, सात रजत व चार कांस्य हैं। फ्रांस आठ स्वर्ण, 11 रजत और आठ कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है। जापान तीसरे स्थान पर है, जो आठ स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य झटक चुका है।

  • भारतीय हॉकी टीम ओलम्पिक चैम्पियन बेल्जियम से हारी   

   यवेस-डू-मानोइर स्टेडियम में खेली जा रही हॉकी स्पर्धा में भारत को पहली हार का सामना करना पड़ा। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की टीम को मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन बेल्जियम से 1-2 की हार मिली। भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर तक बेल्जियम को शन्यू के स्कोर पर रोके रखा। फिर अभिषेक के 18वें मिनट के गोल की बदौलत भारत ने 1-0 की बढ़त बनाई, जो कि हाफ टाइम तक बनी रही। लेकिन बेल्जियम ने तीसरे क्वार्टर के दौरान दस मिनट के अंतराल में दो गोल करके 2-1 बढ़त ले ली जो कि भारतीय टीम की तमाम कोशिशों के बावजूद हूटर बजने तक बनी रही। बेल्जियम की जीत में थिबेयू स्टॉकब्रोएक्स ने 33वें और जॉन डोहमेन ने 44वें मिनट में गोल किए। इस जीत से बेल्जियम अब तक खेले अपने चारों मैच जीतकर 12 अंकों के साथ पूल बी के शीर्ष पर पहुंच गया है। वहीं, भारत चार मैचों में दो जीत, एक ड्रा और एक हार से सात अंक लेकर दूसरे स्थान पर है।

  • प्रणय को हराकर लक्ष्य पहुंचे क्वार्टर फाइनल में, सात्विकसाईराज और चिराग की जोड़ी के बाद सिंधु भी बाहर

   बैडमिंटन स्पर्धा में लक्ष्य सेन पुरुष एकल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। 22 वर्षीय युवा खिलाड़ी ने दो भारतीयों के बीच खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अपने से दस साल बड़े हमवतन खिलाड़ी एचएस प्रणय को मात्र 39 मिनट में सीधे गेमों में 21-12, 21-6 से हरा दिया। क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य का मुकाबला चाइनीज ताइपे के चोउ तीन चेन से होगा। इससे पहले दुनिया की नंबर तीन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पुरुष युगल के क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई है। भारतीय जोड़ी को मलयेशियाई जोड़ी एरोन चिआ तेंग फोंग और सोह वूई यिक ने 13-21, 21-14, 21-16 से परास्त किया। पीवी सिंधु ओलम्पिक में पदकों की हैट्रिक नहीं लगा पाएंगी, क्योंकि दो बार की पदक विजेता की महिला एकल के राउंड ऑफ 16 में टूट गई। उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की ही बिंग जिजाओ ने सीधे गेमों में 21-19, 21-14 से हरा दिया।

  • पुरुष 20 किमी वॉक में विकास 30वें और परमजीत 37वें स्थान पर रहे

   पुरुषों की 20 किलोमीटर वॉक स्पर्धा में भारत के विकास सिंह एक घंटे 22:36 समय के साथ 30वें स्थान पर रहे। एक अन्य भारतीय वॉकर परमजीत सिंह बिष्ट ने एक घंटे 23 मिनट 48 सेकेंड का समय  निकाला और वह 37वें स्थान पर रहे जबकि तीसरे भारतीय वॉकर आकाशदीप सिंह रेस पूरी नहीं कर पाए। इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल इक्वाडोर डेनियल ब्रिआन पिंटाडो ने एक घंटे 18 मिनट 55 सेकेंड का समय  निकालकर जीता। ब्राजील के काइओ बोंफिम ने एक घंटे 19:09 समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। ब्रॉन्ज मेडल स्पेन के एल्वेरो मार्टिन (1:19:11) के खाते में गया।     

  • मणिका के बाद श्रीजा भी प्री-क्वार्टर फाइनल में हारी

   टेबल टेनिस में मणिका बत्रा के बर्थडे गर्ल श्रीजा का सफर भी महिला एकल प्री-क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। मणिका के बाद श्रीजा अकुला राउंड ऑफ 16 दौर में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनी थी। लेकिन श्रीजा बुधवार देर रात को खेले गए मुकाबले में दुनिया की नंबर एक चीनी खिलाड़ी सुन यिंगशा के हाथों 0-4 (10-12, 10-12, 8-11, 3-11)  की हार गई।  इससे दोपहर को श्रीजा ने संघर्षपूर्ण रहे राउंड ऑफ 32 मुकाबले में सिंगापुर की जेंग जिआन को 4-2 (9-11, 12-10, 11-4, 11-5, 12-10, 12-10) से हराकर खुद को जन्मदिन का तोहफा दिया। सुबह मणिका बत्रा को राउंड ऑफ 16 दौर में आठवीं सीड जापानी खिलाड़ी  मिउ हिरानो के हाथों 1-4 (6-11, 9-11, 14-12, 8-11, 6-11) के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा।

  • खत्म हुई निकहत की चुनौती

  मुक्केबाजी में भारत की सबसे चर्चित बॉक्सर निकहत जरीन की चुनौती समाप्त हो गई है। गुरुवार को महिलाओं के 50 किलोग्राम भार वर्ग के राउंड ऑफ 16 बाउट में निकहत को चीन की एशियन चैम्पियन मुक्केबाज वू यू के हाथों 0-5 से हार गई। बुधवार को लवलिना बोर्गोहैन के बाद निशांत देव ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और ये दोनों पदक से महज एक जीत दूर हैं। वह देर रात को रिंग में उतरे। निशांत ने 71 किलोग्राम भार वर्ग के राउंड ऑफ 16 में इक्वाडोर के गैब्रियल रोड्रिगेज को 3-2 से पराजित किया। सुबह टोक्यो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता लवलिना बोर्गोहैन महिला ने 75 किलोग्राम कैटागरी के राउंड ऑफ 16 बाउट में नॉर्वे की सुनिवा होफस्टाड को 5-0 से परास्त किया। वहीं, महिला 54 किलोग्राम में उतरीं प्रीति पवार अपना राउंड ऑफ 16 बाउट हार गई हैं। प्रीति को कोलंबियाई मुक्केबाज येनी मार्सेला एरियास कास्टानेडा ने 3-2 से हराया।

  • दीपिका कुमारी भी प्री-क्वार्टर फाइनल में

तीरंदाजी महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में अनुभवी दीपिका कुमारी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। बुधवार देर रात को खेले गए राउंड ऑफ 32 मुकाबले में दीपिका ने नीदरलैंड्स की कुइटनी रोफ्फेन को (29-28, 27-29, 25-17, 28-23) 6-2 अंकों से शिकस्त दी। इससे पहले दोपहर को उन्होंने शूटऑफ तक चले राउंड ऑफ 64 मुकाबले में एस्टोनिया की रीना पर्नात को 6-5 से हराया।  

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *