पी.जी.डी.ए.वी. कॉलेज ने जीती लगातार दूसरी बार दिल्ली विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज फुटबॉल चैंपियनशिप
- पी.जी.डी.ए.वी. कॉलेज ने फाइनल में श्री वेंकटेश्वर कॉलेज को 1-0 से हराया
संवाददाता
नई दिल्ली: पी.जी.डी.ए.वी. कॉलेज ने लगातार दूसरी बार दिल्ली विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज फुटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 जीत ली है। पी.जी.डी.ए.वी. कॉलेज ने फाइनल में श्री वेंकटेश्वर कॉलेज को 1-0 से हराया। खिताबी मुकाबले का एकमात्र गोल कप्तान विकास वर्मा ने किया। इस खिताबी अभियान को सफल बनाने में अनमोल, रुद्रांश, निशांत शाह और कार्की ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इंदिरा गांधी फिजिकल एजुकेशन (आईजीआईपीईएसएस) की टीम को तीसरा और सेंट स्टीफन कॉलेज टीम को चौथा स्थान मिला।

लीग मैचों में पी.जी.डी.ए.वी. कॉलेज ने डॉ. भीम राव अंबेडकर कॉलेज को 3-1 से हराया, जिसमें रुद्रांश ने हैट्रिक बनाई। हंसराज कॉलेज को 3-0 से हराया, जिसमें अनमोल, निशांत और विकास ने एक-एक गोल किए। सेमीफाइनल मैच में पी.जी.डी.ए.वी. कॉलेज ने सेंट स्टीफन कॉलेज के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की। इस मैच में अनमोल, निधिश, और विकास ने गोल किए।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दरविंदर कुमार ने छात्रों और शारीरिक शिक्षा विभाग को इस बड़ी सफलता के लिए बधाई और अपनी शुभकामनाएं दी। पी.जी.डी.ए.वी. कॉलेज का शारीरिक शिक्षा विभाग कॉलेज और दिल्ली विश्वविद्यालय के खेल स्तर को ऊंचा उठाने के लिए लगातार कड़ी मेहनत कर रहा है।
