भारत करेगा वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी

  • यह चैम्पियनशिप 27 सितंबर से 5 अक्टूबर, 2025 तक राजधानी दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी

संवाददाता

नई दिल्ली: भारत पहली बार प्रतिष्ठित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप (डब्लूपीए) की मेजबानी करने जा रहा हैं, जो 27 सितंबर से 5 अक्टूबर, 2025 तक राजधानी दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इस ऐतिहासिक खेल आयोजन में 100 से अधिक देशों के 2,500 से अधिक एथलीट और अधिकारी भाग लेंगे। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (पीसीआई) के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने इस चैम्पियनशिप को भारत द्वारा अब तक का सबसे बड़ा पैरा-स्पोर्टिंग इवेंट और 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों के बाद देश में सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन बताया।

   मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्डी देवेंद्र ने कहा कि इस चैंपियनशिप में दिग्गज पैरालंपियन, वर्ल्ड चैंपियन और शीर्ष एथलीट शिरकत करेंगे और प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाएंगे। इस वैश्विक खेल प्रतिस्पर्धा का पूरी दुनिया में प्रसारण किया जाएगा, जो पैरा-स्पोर्ट्स में भारत के बढ़ते दबदबे को प्रदर्शित करेगा। पैरालंपिक भाला फेंक एफ46 स्पर्धाओं में दो ग्रीष्मकालीन पैरालंपिक (2004 के एथेंस और 2016 रियो डी जनेरियो में) स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पैरालंपिक खिलाड़ी ने कहा कि यह चैंपियनशिप 2036 ओलम्पिक और पैरालंपिक खेलों के लिए दावेदारी जताने की दिशा में हमारे रोडमैप में एक रणनीतिक मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *