खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए किंग्स बैटन रिले का किया अनावरण
- यह बैटन रिले 12 से 14 नवंबर तक राजधानी दिल्ली स्थित डीएलएफ एवेन्यू मॉल में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए रहेगा और अगले चरण के लिए 14 नवंबर को अहमदाबाद जाएगी
- 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होंगे
संवाददाता
नई दिल्ली, 11 नवंबर, 2025: भारतीय गणराज्य की मूल भावना अनेकता में एकता को दर्शाने वाले रंगारंग जोशीले सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम के बीच केंद्रीय युवा मामले एवं खेल, तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने आज राजधानी दिल्ली में ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों (सीडब्ल्यूजी) के लिए किंग्स बैटन रिले का अनावरण किया। यहां साकेत स्थित डीएलएफ एवेन्यू में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ एवं आईओए की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा और भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरून मौजूद रहीं। यह बैटन 12 से 14 नवंबर तक राजधानी दिल्ली स्थित डीएलएफ एवेन्यू मॉल में सार्वजनिक प्रदर्शन पर रहेगी। उसके बाद रिले के अगले चरण के लिए 14 नवंबर को अहमदाबाद जाएगी।

भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ द्वारा आयोजित इस समारोह में टीटी स्टार अचंता शरत कमल सहित विभिन्न ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं के साथ-साथ युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रमंडल खेल महासंघ और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
प्रसिद्ध भारतीय दृश्य कलाकार आकिब वानी द्वारा डिज़ाइन किया गया यह बैटन देश की कला, संस्कृति, खेल और स्थिरता की जीवंत भावना को दर्शा रही थी। इसका डिज़ाइन भारत के समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक परिदृश्य से प्रेरित है, जिसमें पारंपरिक शिल्प कौशल का समकालीन सौंदर्यशास्त्र के साथ मिश्रण किया गया है जो देश की विविधता और रचनात्मक महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा, “किंग्स बैटन रिले उन मूल्यों का प्रतीक है जो राष्ट्रमंडल को एकजुट करते हैं—सद्भाव, दृढ़ता और प्रगति। बैटन पर की गई कलाकृतियां हमारे राष्ट्र के सार को खूबसूरती से दर्शाती हैं, जो संस्कृति में निहित होने के साथ-साथ प्रगतिशील भावना से ओतप्रोत है। यह वास्तव में दर्शाता है कि कैसे कला और खेल मिलकर स्थिरता और विकास को प्रेरित कर सकते हैं। भारत ने हमेशा लोगों और राष्ट्रों को एक साथ लाने में खेल की शक्ति पर विश्वास किया है, और यह क्षण इस विश्वास को पुष्ट करता है। जैसे-जैसे यह बैटन दुनिया भर में यात्रा करती है, यह अपने साथ मित्रता, समानता और एक उज्जवल, एकीकृत भविष्य के लिए साझा प्रतिबद्धता का संदेश लेकर चलती है।”

ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने कहा, “किंग्स बैटन रिले यूनाइटेड किंगडम, भारत और व्यापक राष्ट्रमंडल परिवार के बीच स्थायी साझेदारी का एक सशक्त प्रतीक है। दिल्ली द्वारा इस अवसर का उत्सव उन साझा मूल्यों को दर्शाता है जो हमें एकजुट करते हैं – मित्रता, समावेशिता और खेल के माध्यम से प्रगति। भारत की कला, संस्कृति और स्थिरता से प्रेरित बैटन का डिज़ाइन पूरी तरह से दर्शाता है कि कैसे रचनात्मकता और सहयोग राष्ट्रों को जोड़ सकते हैं और राष्ट्रमंडल भर की पीढ़ियों को प्रेरित कर सकते हैं।”

डॉ. पी.टी. उषा ने कहा, “बैटन रिले इस बात का प्रमाण है कि कैसे खेल समुदायों को जोड़ता है और उत्कृष्टता को प्रेरित करता है। दिल्ली से गुजरते हुए, यह न केवल एथलेटिक भावना का, बल्कि भारत की कलात्मक अभिव्यक्ति और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता का भी जश्न मनाता है। यह अवसर खेल के माध्यम से एकता में हमारे साझा विश्वास को पुष्ट करता है।” जैसा कि आप जानते हैं, राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होने वाले हैं। एडिनबर्ग (1970 और 1986) और ग्लासगो (2014) के बाद स्कॉटलैंड चौथी बार खेलों की मेजबानी करेगा।


वरिष्ठ पत्रकार
