वियतनाम की थुई त्रांग गुयेन ने शूट-ऑफ में मनु भाकर से छीना गोल्ड
- 25 मीटर महिला पिस्टल स्पर्धा में ईशा सिंह को मिला कांस्य पदक
- फाइनल में थुई, मनु और ईशा सिंह के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली
संवाददाता
नई दिल्ली, 9 फरवरी 2026: वियतनाम की थुई त्रांग गुयेन भारत की दो नामी शूटरों डबल ओलम्पिक मेडलिस्ट मनु भाकर और वर्ल्ड कप मेडलिस्ट ईशा सिंह को पछाड़ते हुए एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप 2026 की 25 मीटर महिला पिस्टल स्पर्धा का गोल्ड मेडल ले उड़ी। सोमवार को डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में खेले गए स्पर्धा के फाइनल में थुई त्रांग गुयेन ने दो शूट-ऑफ के बाद स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि मनु भाकर शीर्ष स्थान से बेहद करीब रहकर चूक गईं और सिल्वर मेडल से संतोष करने पर मजबूर हुईं। वहीं, ईशा सिंह ने इस चैंपियनशिप में अपना दूसरा व्यक्तिगत पदक जीतते हुए कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग में नाम्या कपूर ने एक और बेहद रोमांचक शूट-ऑफ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी स्पर्धा में अंजलि भगवत ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 60 तक पहुंच गई है, जिसमें 37 स्वर्ण, 13 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं।

फाइनल में ईशा सिंह ने पहली सीरीज़ में परफेक्ट पांच शॉट लगाकर शानदार शुरुआत की, जबकि मनु भाकर और थुई त्रांग ने चार-चार शॉट लगाए। तीनों निशानेबाज़ों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और हर सीरीज़ के बाद पदक की स्थिति बदलती रही। भारतीय निशानेबाज़ लगातार वियतनामी खिलाड़ी पर दबाव बनाए हुए थे, लेकिन छठी सीरीज़ में गुयेन के परफेक्ट पांच शॉट्स ने उन्हें दो अंकों की बढ़त दिला दी। सातवीं सीरीज़ में गुयेन के एक शॉट लगाने का फायदा मनु और ईशा ने उठाते हुए अंतर कम कर दिया।

आठवीं सीरीज़ के बाद 30 अंकों के साथ बढ़त पर चल रहीं ईशा सिंह नौवीं सीरीज़ में सभी शॉट चूक गईं और अंततः उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। आखिरी सीरीज़ में मनु ने तीन जबकि गुयेन ने दो शॉट लगाए और दोनों 35 अंकों के साथ बराबरी पर रहीं, जिसके चलते मुकाबला शूट-ऑफ में गया। पहले शूट-ऑफ में दोनों निशानेबाज़ों ने दो-दो शॉट लगाए। इसके बाद दूसरे शूट-ऑफ में मनु तीन शॉट चूक गईं और स्वर्ण पदक से चूकना पड़ा। फाइनल में तीसरी भारतीय खिलाड़ी रिदम सांगवान चौथे स्थान पर रहीं।

जूनियर फाइनल में नाम्या कपूर ने शूट-ऑफ में शानदार संयम दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता। विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय निशानेबाज़ नाम्या ने 29 शॉट लगाए, जो इंडोनेशिया की रिहादतुल अस्यीफा के बराबर थे। शूट-ऑफ में नाम्या ने तीन शॉट लगाए, जबकि अस्यीफा कोई भी शॉट नहीं लगा सकीं। अंजलि भगवत ने 24 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली परिशा गुप्ता फाइनल में 14 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। भारतीय टीमों ने सीनियर और जूनियर, दोनों वर्गों में टीम स्पर्धाओं का स्वर्ण पदक भी जीता।
