12वां पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट: जीत का ‘चौका’ ठोक श्याम लाल कॉलेज सेमीफाइनल में
- श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने श्याम लाल कॉलेज (सांध्य) को 5-1 से हराया
- श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ने एमिटी यूनिवर्सिटी को 8-2 से करारी शिकस्त दी
- इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने एसएलसी एलुमनी को 6-2 से मात दी
संवाददाता
नई दिल्ली। मेजबान श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग में जीत का “चौका” मार पूल ‘ए’ से सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, महिला वर्ग में विवेकानंद कॉलेज ने भारती कॉलेज को 6-2 से मात दी।
श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने श्याम लाल कॉलेज (सांध्य) को 5-1 से हराया और अपने चारों मैच जीत कर लीग दौर का अंत किया। विजेता टीम के पंकज को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। उभरते फॉरवर्ड प्रत्यूष सिंह जग्गी ने तीन शानदार गोल किए। श्लोक और हर्ष ने एक-एक गोल किया। पराजित टीम के लिए एकमात्र गोल लक्ष्मण ने किया।

अन्य मैचों में श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ने एमिटी यूनिवर्सिटी को 8-2 से शिकस्त दी। उसकी टीम के मनीष को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। खालसा कॉलेज के लिए विपिन ने तीन, मनीष और रिशुल ने दो-दो और मनीष कुमार ने एक गोल किया। पराजित टीम के लिए मोहित राणा और अग्रिम रैना ने एक-एक गोल किया।
इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने एसएलसी एलुमनी को 6-2 से मात दी। विजेता टीम के शेखर को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट के लिए पुलकित, शेखर, गुरमुख, ध्रुव, अर्श और चंद्रभूषण ने एक-एक गोल किया। एसएलसी एलुमनी की तरफ से डीएस जग्गी और पंकज ने एक-एक गोल किया।

वरिष्ठ पत्रकार
