13वां दिन: विनेश को लेकर हुई दुखद घटना के बाद हॉकी कांस्य पदक ने निराशा कम की

  • चर्चित पहलवान विनेश फोगाट ने महिला फ्री-स्टाइल के 50 किलो भार वर्ग में आयोग्य करार दिए जाने के बाद कुश्ती से संन्यास का ऐलान किया है
  • भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर लगातार दूसरा कांस्य पदक अपने नाम किया

संवाददाता

भारतीय हॉकी टीम ने लगातार दूसरा कांस्य पदक जीत लिया है। पेरिस ओलम्पिक गेम्स की हॉकी स्पर्धा में जीता गया यह पदक विनेश फोगाट के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण व दुखद घटना से पैदा हुई निराशा को कम करेगा। इससे पहले गुरुवार की सुबह संन्यास की खबर आई और उसके बाद भारत के अकेले पुरुष पहलवान अमन सहरावत ने खेलों के महाकुंभ के 13वें दिन जीत से शुरुआत करते हुए मेंस फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इससे पहले बुधवार देर रात को टोक्यो सिल्वर मेडललिस्ट मीराबाई चानू के पोडियम फिनिश से चूकने के साथ ही वेटलिफ्टिंग में पदक की उम्मीद समाप्त हो गई। पेरिस में अब तक भारत की सबसे बड़ी उपलब्धि मनु भाकर के दो कांस्य और शूटिंग से कुल तीन ब्रॉन्ज रहे हैं। तीसरा ब्रॉन्ज मेडल स्वप्निल कुसाले ने खोलों के महाकुंभ के छठे दिन पुरुष व्यक्तिगत 50 मीटर थ्री पोजीशन राइफल स्पर्धा में जीता है। मनु शैटॉरौक्स के नेशनल शूटिंग सेंटर में 20 जुलाई को एक ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी। वह चौथे दिन सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा और दूसरे दिन महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं।

  • भारतीय हॉकी टीम ने जीता लगातार दूसरा ब्रॉन्ज मेडल   

   भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने लगातार दूसरा ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है, जो कि देश की हॉकी के इतिहास का 13वां पदक है। यवेस-डू-मानोइर स्टेडियम में खेली जा रही हॉकी स्पर्धा में भारतीय पुरुष टीम कांस्य पदक के लिए मैच में स्पेन 2-1 से हरा दिया। सेमीफाइनल में जर्मनी से 2-3 से हारी भारतीय टीम की जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 30वें और 33वें मिनट में दोनों गोल दागे। इस ब्रॉन्ज मेडल मैच में स्पेन ने बढ़त ली जब मार्क मिरालेस ने 18वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल दाग दिया, जिससे उसकी टीम ने दूसरे क्वार्टर में भारत पर हावी हो गई। हालांकि क्वार्टर खत्म होने से ठीक पहले 30वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को हरमनप्रीत ने गोल में तब्दील करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। तीन मिनट बाद तीसरे क्वार्टर के दौरान 33वें मिनट में ड्रैग फ्लिकर हरमन ने फिर से पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी और यह स्कोर मैच समाप्ति का हूटर बजने तक बना रहा।

  • विनेश ने कुश्ती को अलविदा कहा

   भारत की सबसे चर्चित महिला पहलवान विनेश फोगाट ने डिसक्वालीफाई होने के दर्द के बीच गुरुवार को कुश्ती को अलविदा कह दिया है। एक समय मंगलवार को विनेश इतिहास रचती नजर आ रही थी लेकिन अगले दिन बुधवार को भाग्य का चक्र ऐसा पलटा कि वजन काबू करने की सारी कोशिशों के बावजूद वो तय मानदंडों पर खरी नहीं उतर पाई और उसे महिला कुश्ती की 50 किलोग्राम कैटगरी में इतिहास बनाने की बजाय डिसक्वालीफाई कर दी गई। वह मंगलवार को खिताबी कुश्ती में पहुंचने वाली भारत की पहली महिला व दूसरी पहलवान बन गई थी। लेकिन दो दिन बाद विनेश ने भारी मन और दुख-दर्द के साथ कुश्ती से संन्यास लेने का फैसला किया।   

  • अमन सेमीफाइनल कुश्ती में हारे, खेलेंगे ब्रॉन्ज मेडल मैच

   पेरिस ओलम्पिक की कुश्ती स्पर्धा में भारत की एकमात्र पुरुष चुनौती अमन सहरावत मेंस फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम स्पर्धा में सेमीफाइनल कुश्ती हार गए हैं और शुक्रवार को कांस्य पदक के लिए मैच खेलेंगे। अमन को एकतरफा रहे सेमीफाइनल कुश्ती में जापान के टॉप सीड रेई हिगुची के हाथों 0-10 से करारी हार मिली। इस हार के बाद वह कांस्य पदक के लिए प्यूर्टो रिको के डेरेन टोई क्रूज से खेलेंगे। अमन ने क्वार्टर फाइनल कुश्ती में दो मिनट रहते हुए अल्बानिया के जेलिमखान एर्सेनोविच अकबरोव को तकनीकी श्रेष्ठता कायम करते हुए 12-0 से हरा दिया। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ 16 कुश्ती में दो मिनट रहते हुए नॉर्थ मेसेडोनिया के व्लादिमीर एगोरोव पर तकनीकी श्रेष्ठता कायम करते हुए 10-0 से जीत हासिल की।

   

  • ज्योति रेजेचेज के जरिये भी आगे नहीं बढ़ सकी

   एथलेटिक्स में भारत की ज्योति यार्राजी महिला 100 मीटर बाधा दौड़ के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई, क्योंकि वह रेपेचेज हीट 1 में चौथे स्थान पर रहीं जबकि आगे बढ़ने के लिए शीर्ष दो स्थान पर रहने की जरूरत थी। उसने 13.17 सेकेंड में अपनी दौड़ पूरी की। इससे पहले उसने मंगलवार को अपनी हीट दौड़ 13.16 सेकेंड में पूरी की और सातवें स्थान पर रही। उधर, बुधवार देर रात को अविनाश साब्ले पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज की फाइनल्स रेस में 11वें स्थान पर रहे। वह 8 मिनट 14.18 सेकेंड में अपने दौड़ पूरी करके पोडियम से बहुत दूर रहे। उन्होंने मंगलवार को क्वालीफिकेशन हीट में 8 मिनट 15.43 सेकेंड समय के साथ पांचवें स्थान पर रहकर फाइनल्स रेस में जगह बनाई थी। भारत के अब्दुल्ला अबूबकर और प्रवीण चित्रावेल मेंस ट्रिपल जंप स्पर्धा के फाइनल्स में जगह नहीं बना पाए। दो भारतीय 7.4 मीटर के क्वालीफिकेशन मार्क को नहीं लांघ सके। वूमंस जेवलिन थ्रो में अनु रानी क्वालीफिकेशन राउंड में बाहर हुईं।

  • ‘अनफिट’ मीराबाई रही पोडियम से दूर

   टोक्यो ओलम्पिक की सिल्वर विजेता और भारत की पदक की उम्मीद मीराबाई चानू पेरिस में पोडियम पर चढ़ने में विफल रहीं। बुधवार देर रात को भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई इस बार (स्नैच में 88 और क्लीन एंड जर्क में 111) कुल 199 किलोग्राम भार उठा पाई और 49 किलोग्राम भार वर्ग में चौथे स्थान पर रहकर पोडियम के बेहद करीब से चूक गई। इस तरह मीराबाई इस बार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके टोक्यो की सफलता को दोहराने में विफल रहीं, क्योंकि वह पूरी तरह से फिट नहीं थी। वह लगभग दो साल से कूल्हे की सर्जरी से पूरी तरह से उबर नहीं पाई थी, जिसका असर पेरिस में उसके प्रदर्शन पर पड़ा।

   उधर, शूटिंग से आए तीन और हॉकी से एक ब्रॉन्ज की बदौलत भारत ने पेरिस ओलम्पिक गेम्स की पदक तालिका में 13वें दिन भारत संयुक्त 69वें स्थान पर है। खबर लिखे जाने तक अमेरिका टॉप पर आ गया है। उसके खाते में 27 स्वर्ण, 35 रजत व 33 कांस्य हैं। चीन 27 स्वर्ण, 25 रजत और 17 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है, जो 18 स्वर्ण, 14 रजत और 11 कांस्य झटक चुका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *