15वां दिन: अमन के ब्रॉन्ज ने भारतीय कुश्ती को दी राहत

  • अमन सहरावत ने मेंस फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम स्पर्धा के ब्रॉन्ज मेडल मैच में प्यूर्टो रिको के डेरेन टोई क्रूज को 13-5 से हराया

संवाददाता

पेरिस ओलम्पिक में उतरे भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान अमन सहरावत ने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। इस तरह भारत पेरिस में चल रहे खेलों के महाकुंभ के 14वें दिन एक सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पदक तालिका में 69वें स्थान पर है। भारत के लिए एथेलटिक्स (जेवलिन थ्रो) में नीरज चोपड़ा ने रजत, शूटिंग (कुल तीन ब्रॉन्ज) में मनु भाकर ने दो कांस्य (एक सरबजोत सिंह के साथ) और स्वप्निल कुसाले ने एक कांस्य, पुरुष हॉकी टीम और कुश्ती में अमन सहरावत ने कांस्य जीता है। उधर, खबर लिखे जाने तक चीन टॉप पर है। उसके खाते में 37 स्वर्ण, 27 रजत व 24 कांस्य हैं। अमेरिका 35 स्वर्ण, 41 रजत और 40 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है, जो 18 स्वर्ण, 17 रजत और 14 कांस्य झटक चुका है।   

  • पहलवान अमन सहरावत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

   पेरिस ओलम्पिक की कुश्ती स्पर्धा में भारत की एकमात्र पुरुष चुनौती अमन सहरावत ने मेंस फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम स्पर्धा का ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। उन्होंने शुक्रवार देर रात को कांस्य पदक के लिए खेली गई कुश्ती में प्यूर्टो रिको के डेरेन टोई क्रूज को 13-5 से हराया और विनेश फोगाट के साथ दुर्भाग्यशाली घटना के बाद यह सुनिश्चित किया कि भारत को कुश्ती में भी पदक मिले और पहलवान खाली हाथ न लौटे। बहरहाल, इस ब्रॉन्ज मेडल कुश्ती में अमन आक्रामक नजर आए और उन्होंने अपने तेज-तर्रार प्रदर्शन से डेरेन को थका-थका कर अंक बटोरे और प्रतिद्वंद्वी पहलवान की एक नहीं चलने दी। इससे पहले शुक्रवार को अमन को एकतरफा रहे सेमीफाइनल कुश्ती में जापान के टॉप सीड रेई हिगुची के हाथों 0-10 से करारी हार मिली। अमन ने क्वार्टर फाइनल कुश्ती में दो मिनट रहते हुए अल्बानिया के जेलिमखान एर्सेनोविच अकबरोव को तकनीकी श्रेष्ठता कायम करते हुए 12-0 से हरा दिया। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ 16 कुश्ती में दो मिनट रहते हुए नॉर्थ मेसेडोनिया के व्लादिमीर एगोरोव पर तकनीकी श्रेष्ठता कायम करते हुए 10-0 से जीत हासिल की।

पेरिस में अब तक भारत एक रजत और पांच कांस्य पदक जीत चुका है। खेलों के महाकुंभ के 13वें दिन स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने भारत का एकमात्र सिल्वर जीता और उसी दिन पुरुष हॉकी टीम ने लगातार दूसरा कांसा जीता। शूटिंग में पिस्टल शूटर मनु भाकर ने दो ब्रॉन्ज (एक सरबजोत सिंह के साथ) जीते हैं जबकि तीसरा ब्रॉन्ज मेडल स्वप्निल कुसाले ने छठे दिन पुरुष व्यक्तिगत 50 मीटर थ्री पोजीशन राइफल स्पर्धा में जीता है। मनु शैटॉरौक्स के नेशनल शूटिंग सेंटर में 20 जुलाई को एक ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी। वह चौथे दिन सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा और दूसरे दिन महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। खेलों के 14वें दिन अमन सहरावत ने कुश्ती का एकमात्र कांसा भारत की झोली में डाला।

  • रीतिका की चुनौती क्वार्टर फाइनल में समाप्त

   पेरिस ओलम्पिक की कुश्ती स्पर्धा में भारत की अंतिम चुनौती रीतिका हुड्डा का सफर शनिवार को महिला 76 किलोग्राम कैटगरी के क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। रीतिका ने राउंड ऑफ 16 की कुश्ती हंगरी की बेर्नाडेट नाग्य पर तकनीकी श्रेष्ठता बनाते हुए 12-2 से जीती। लेकिन वह क्वार्टर फाइनल में टॉप सीड किर्गिस्तानी पहलवान एपेरी मेडेट काज्य के हाथों कड़े संघर्ष करके हार गईं। दोनों पहलवानों का स्कोर 1-1 से बराबर रहा लेकिन कजाक पहलवान ने अंक बाद में हासिल किया इसलिए वो जीत गई।

  • गोल्फ में भारतीयों का निराशाजनक प्रदर्शन

   गोल्फ में भारत की दो महिला गोल्फर अदिति अशोक और दीक्षा डागर उतरीं। टोक्यो में बेहद करीबी अंतर से पोडियम फिनिश नहीं कर पाई अदिति का प्रदर्शन इस बार औसत रहा। वह पहले राउंड में पार 72, दूसरे राउंड में 1 अंडर 71, तीसरे राउंड में सात ओवर 79 और चौथे राउंड में चार अंडर 68 के कार्ड खेलकर दो ओवर 290 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 29वें स्थान पर रही। अन्य भारतीय गोल्फर दीक्षा ने पहले राउंड में 1 अंडर 71, दूसरे राउंड में पार 72, तीसरे राउंड में आठ ओवर 80 और चौथे राउंड में छह ओवर 78 के कार्ड खेलकर 13 ओवर 301 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 49वें स्थान पर रहकर अपना अभियान समाप्त किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *