12वां पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट: श्याम लाल कॉलेज और आईजीआई की जीत से शुरुआत
- पुरुष वर्ग में मेजबान श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज को 8-0 से रौंदा
- इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने हंसराज कॉलेज को 7-1 से शिकस्त दी
- प्रधानाचार्य प्रो. रबि नारायण कर ने बताया श्याम लाल कॉलेज में लगेगी फ्लड लाइट
संवाददाता
नई दिल्ली: श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) और इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की। मुख्य अतिथि प्रोफेसर बालाराम पाणि, डीन ऑफ कॉलेजेस, दिल्ली यूनिवर्सिटी ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। मेजबान श्याम लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर ने श्री पाणि, प्रो. सरिता त्यागी, एचओडी, डीपीईएसएस, डीयू, डॉ. ज्योति मान, असिस्टेंट डारेक्टर, डीयूएससी, श्री संजीव गौतम, एसीपी, शाहदरा सहित सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

पुरुष वर्ग में मेजबान श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज को 8-0 से रौंद डाला। हरषु ने 3, आशु ने 2 और नंद किशोर, प्रवीण, व कप्तान प्रत्यूष ने एक-एक गोल किए। हरषु को शानदार खेले के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।

इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस (आईजीआईपीईएसएस) ने हंसराज कॉलेज को 7-1 से करारी शिकस्त दी। विजेता के लिए पुलकित ने 4, चंदर, शुभम और गुरमुख ने एक-एक गोल किया। पुलकित को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।

श्याम लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर ने खेल समिति के संयोजक वी एस जग्गी के हॉकी व अन्य खेलों को बढ़ावा देने की प्रशंसा करते हुए खेल के मैदान में फ्लड लाइट लगाने की घोषणा की। जिससे रात में भी हॉकी व अन्य खेल आयोजन हो सकें।

प्रोफेसर बालाराम पाणि, डीन ऑफ कॉलेजेस, दिल्ली यूनिवर्सिटी ने कहा, “मैं ओडिशा से हूँ और यूनिवर्सिटी में पूर्व भारतीय कैप्टन और अब हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की मेरे जुनियर थे। मै उन्हे हॉकी खेलते हुए खूब देखता था। श्याम लाल कॉलेज हर साल हॉकी टूर्नामेंट कराता है, यह अच्छी बात है। दिल्ली यूनिवर्सिटी सहित हॉकी को पूरे देश में खूब बढ़ावा दिया जाना चाहिए। खेलों के लिए हम कॉलेजों की दिल्ली यूनिवर्सिटी से पूरी मदद करेंगे।”

