एशियन राइफल पिस्टल शूटिंग चैंपियनिशप 2026 में रहा भारत का दबदबा
- 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल में भारतीय शूटरों ने क्लीन स्वीप किया, अमनप्रीत सिंह ने गोल्ड मेडल, ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने सिल्वर और अंकुर गोयल ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता
- सिफ्ट, तेजस्वनी और मानिनी कौशिक की तिकड़ी ने 50 मीटर राइफल प्रोन (लेटकर) इवेंट में भारत को टीम गोल्ड दिलाया
- 25 मीटर पिस्टल जूनियर इवेंट में सूरज शर्मा, मुकेश नेलावल्ली और ने अभिनव देशवाल की तिकड़ी ने क्लीन स्वीप करते हुए टीम गोल्ड भी जीता
- भारत 51 गोल्ड, 23 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज़ समेत कुल 94 मेडल जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर रहा
संवाददाता
नई दिल्ली, 13 फरवरी, 2026: भारत ने शुक्रवार को एशियन राइफल पिस्टल शूटिंग चैंपियनिशप 2026 में अपने अभियान का समापन जबर्दस्त अंदाज में किया, जब मेजबान शूटरों ने यहां राजधानी दिल्ली में स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित इस चैंपियनशिप के आखिरी दिन छह गोल्ड, तीन सिल्वर और चार ब्रॉन्ज़ मेडल जीते। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही भारत कुल 94 मेडल जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर रहा। मेजबान दल के खाते में 51 गोल्ड, 23 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज़ आए।

चैंपियनशिप के आखिरी दिन भारतीय शूटर्स ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल जूनियर इवेंट्स में पोडियम पर कब्ज़ा किया, साथ ही 50 मीटर राइफल प्रोन विमेन सीनियर और जूनियर इवेंट्स में तीन मेडल भी जीते। उन्होंने टीम इवेंट्स में भी चार गोल्ड मेडल जीतकर चैंपियनशिप को शानदार तरीके से खत्म किया।

25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल में अमनप्रीत सिंह ने प्रिसिजन और रैपिड स्टेज पर 589-24x के फाइनल स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने 584-20x के स्कोर के साथ सिल्वर और अंकुर गोयल ने 570-11x के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल जीता। तीनों ने मिलकर टीम गोल्ड भी जीता।
सूरज शर्मा ने साल की अपनी शानदार शुरुआत जारी रखते हुए 25 मीटर पिस्टल जूनियर इवेंट में 585-25x के स्कोर के साथ गोल्ड जीता, जबकि मुकेश नेलावल्ली ने चैंपियनशिप में एक और मेडल जीता, इस बार 582-21x की शूटिंग के बाद सिल्वर। डेफलिंपिक्स मेडलिस्ट अभिनव देशवाल ने 573-17x के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल जीता। तीनों ने इवेंट में टीम गोल्ड भी जीता।

50 मीटर राइफल प्रोन (लेटकर) इवेंट में कजाकिस्तान की येलिजावेता बेज्रुकोवा ने ओलंपियन सिफ्ट कौर समरा और पूर्व वर्ल्ड चैंपियन तेजस्वनी सावंत को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड जीता। ओलंपियन सिफ्ट कौर समरा ने 623.2 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि 2010 की वर्ल्ड चैंपियन तेजस्वनी सावंत ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता जो कि पांच साल बाद पहला इंटरनेशनल मेडल है। सिफ्ट और तेजस्वनी ने मानिनी कौशिक के साथ मिलकर भारत के लिए टीम गोल्ड जीता।

जूनियर कैटेगरी में धवलिका देवी न्यामुरस ने 614.1 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल जीता, कज़ाक शूटर टोमिरिस अमानोवा और दरिया पोनोमारेंको ने एक के बाद एक गोल्ड और सिल्वर जीता। प्राची गायकवाड़, अनुष्का थोकुर और देवी की तिकड़ी ने मिलकर टीम गोल्ड जीता।

वरिष्ठ पत्रकार
