रिषभ के लगातार दूसरे तूफानी शतक से उत्तर क्षेत्र जेके बोस ट्रॉफी जीतने के करीब
- उत्तर क्षेत्र ने दक्षिण क्षेत्र को दस विकेट से रौंदा और लगातार दूसरी जीत से खिताब पर अपना दावा मजबूत किया
- पिछले मैच में तूफानी शतक लगाने वाले ओपनर रिषभ 54 गेंदों में 14 चौकों व दो छक्के उड़ाकर 100 रनों के साथ नाबाद रहे
संवाददाता
नई दिल्ली, 15 मार्च 2026: सलामी बल्लेबाज रिषभ सिंह (54 गेंदों में 14 चौकों व दो छक्के उड़ाकर नाबाद 100 रन) के लगातार दूसरे तूफानी शतक की बदौलत उत्तर क्षेत्र ने जेके बोस क्रिकेट टूर्नामेंट में दक्षिण क्षेत्र को एकतरफा अंदाज में दस विकेट से रौंद दिया। लगातार दूसरी जीत साथ ही मेजबान उत्तर क्षेत्र ने जेके बोस ट्रॉफी पर अपना दावा मजबूत कर लिया है, क्योंकि उसने अपने पहले मुकाबले में पश्चिम क्षेत्र को हराया था।

रविवार को रोशनआरा क्लब मैदान पर उत्तर क्षेत्र के कप्तान आकाश रावल ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला किया। इसके परिणाम स्वरूप दक्षिण क्षेत्र की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 187 रन ही बना सकी। ओपनर शिवा कृष्णा ने अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले 65 गेंदों में ग्यारह चौके व एक छक्का लगाते हुए 89 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। वीएल शशांक ने भी अर्धशतकीय (31 गेंदों में 4 चौके व दो छक्के, 50 रन) पारी खेली। विजिथ कुमार ने 19 रनों का योगदान किया। उत्तर क्षेत्र की ओर से शिवम दुबे ने 22 रन देकर एक, राकेश थपलियाल ने 24 रन देकर एक और ललिथ कालिदास ने 29 रन देकर एक विकेट चटकाया।

जवाब में चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर क्षेत्र ने 18.2 ओवर में बिना विकेट गंवाए 188 रन बनाकर 10 विकेट से एकतरफा जीत हासिल की। उत्तर क्षेत्र ने इस मुकाबले में भी तूफानी शुरुआत करते हुए चार ओवर में ही 50 रन ठोक डाले। उत्तर क्षेत्र के 100 रन 7.4 ओवरों में पूरे हुए। पिछले मैच में तूफानी शतक लगाने वाले ओपनर रिषभ ने 54 गेंदों में 14 चौकों व दो छक्के उड़ाकर 100 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार वरिष्ठ पत्रकार विपिन बहुगुणा ने प्रदान किया। कप्तान आकाश रावल ने 31 गेंदों में 3 चौके व 2 छक्के मारते हुए 38 रन बनाए, लेकिन उन्हें रिटायर्ट होकर पेवेलियन लौटना पड़ा। लेकिन उससे पहले दोनों ओपनरों ने दस ओवरों में पहले विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी कर डाली। कप्तान के बाद मैदान पर उतरे अनुभवी बल्लेबाज अमित चौधरी 25 गेंदों में 3 चौकों व 1 छक्के की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद लौटे।

दिल्ली पुलिस क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दिन के एक अन्य मैच में पश्चिम क्षेत्र ने पूर्व क्षेत्र को दस विकेट से हरा दिया। यह पूर्व क्षेत्र की लगातार दूसरी हार है। पूर्व क्षेत्र की टीम ने निर्धारित ओवर में सात विकेट पर 132 रन बनाए, जिसके जवाब में पश्चिम क्षेत्र ने 12.2 ओवरों में बिना विकेट गंवाए 133 रन बनाकर आसान जीत हासिल की।
संक्षिप्त स्कोर:- दक्षिण क्षेत्र 20 ओवर में चार विकेट पर 187 रन (शिवा कृष्णा 89, वीएल शशांक 50, विजित कुमार 19, शिवम दुबे 22/1, राकेश थपलियाल 24/1, लतिथ 29/1)। उत्तर क्षेत्र 18.2 ओवर में बिना विकेट गंवाए 188 रन (रिषभ सिंह 100 रन नाबाद, आकाश रावल 38 रिटायर्ड हर्ट, अमित चौधरी 33 रन नाबाद)।

वरिष्ठ पत्रकार
