‘जलसा’ में उत्तराखंडी गीत संगीत की धूम
- उत्तरांचल पब्लिक स्कूल के वार्षिक महोत्सव में कत्थक और मार्शल आर्ट्स का भी जलवा
संवाददाता
बुराड़ी स्थित उत्तराँचल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन ने अपने वार्षिकोत्सव में शिक्षा, कला, खेल और तमाम क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रदर्शन से न सिर्फ वाह-वाह लूटी अपितु यह भी साबित किया कि आदर्श स्कूल कैसे समाज और देश को प्रगति पथ पर ले जा सकते हैं। बच्चों की प्रतिभा, खेल और संस्कृति के विकास और अभूतपूर्व उपलब्धियों के उत्सव में सांस्कृतिक नृत्य, नाटकों व पुरस्कार वितरण समारोह ने समय बाँध दिया।

वार्षिक महोत्सव का आयोजन ‘जलसा’, में किया गया जिसमें बुराड़ी क्षेत्र के पूर्व निगम पार्षद कौस्तुभा नन्द बलोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बलोदी ने स्कूल प्रिंसिपल संजय कठैत, मैनेजर लक्ष्मी कठैत, चेयरमैन राजेंद्र कठैत, वरिष्ठ अध्यापिका प्रवीण नेगी और ज्योति की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। इस अवसर पर वरिष्ठ खेल पत्रकार राजेंद्र सजवान और समाजसेवी लक्ष्मण सजवान, शकुंतला मेहता और बिमला रावत स्कूल के वार्षिकोत्सव में सम्मिलित हुए।

जलसा में आयोजित इस समारोह में छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति से अभिभावकों और उपस्थित गणमान्य अतिथियों का मन मोह लिया। नृत्य, संगीत और नाटकों के माध्यम से बच्चों ने आजादी व शिक्षा आदि का संदेश दिया। जूनियर विंग के बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। खासकर उत्तराखंड के गढ़वाली नृत्य और गीत-संगीत पर सभी झूमते नज़र आए। बालिकाओं के कत्थक नृत्य की प्रस्तुति अभूतपूर्व रही तो जूडो, कराटे और अन्य मार्शल आर्ट्स का प्रदर्शन तालियों की गड़ गडाहट लूटने वाला रहा।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य (संजय सिंह) ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और शैक्षणिक व खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव के साथ एक पहाड़ी सांस्कृतिक नृत्य से समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर अभिभावक, शिक्षक और सैकड़ों छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।

