April 2, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में ग्रोइंग स्टार और पश्चिम हीरोज का विजयी अभियान शुरू

  • ग्रोइंग स्टार्स एससी ने एमिटी इंडियन नेशनल को 3-2 से पराजित किया
  • पश्चिम हीरोज एफसी ने गोल हंटर्स एफसी को 4-0 से रौंद डाला

संवाददाता

नई दिल्ली। ग्रोइंग स्टार एससी और पश्चिम हीरोज एफसी ने अपने मुकाबले जीतकर डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में अपने अभियान की शुरुआत की और पूरे तीन अंक बटोरे। बुधवार को पूर्व दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में ग्रोइंग स्टार्स एससी ने एमिटी इंडियन नेशनल को 3-2 से पराजित किया जबकि पश्चिम हीरोज एफसी ने गोल हंटर्स एफसी को 4-0 से रौंद डाला।

   दिन के पहले मुकाबले में जहां ग्रोइंग स्टार्स ने पहले हाफ में दमदार खेल दिखाया, वहीं एमिटी इंडियन नेशनल ने मध्यांतर के बाद लड़ने का जज्बा दिखाया। कप्तान हीतेश के दूसरे मिनट के गोल की मदद से एमिटी इंडियन नेशनल ने शुरुआती बढ़त बना ली थी। सुस्त शुरुआत से जागे ग्रोइंग स्टार्स विपुल 29वें मिनट में गोल से 1-1 की बराबरी पर आ गए। गौरव ने 33वें मिनट में मिली पेनल्टी किक पर गोल करके इस बढ़त को 2-1 कर दिया। हाफ टाइम के बाद मैदान में उतरे स्थानापन्न खिलाड़ी सुमित ने 46वें मिनट में गोल करके ग्रोइंग स्टार्स को 3-1 से आगे कर दिया। जब लग रहा था कि मुकाबले इसी स्कोर पर समाप्त हो जा रहा है तभी एमिटी इंडियन नेशनल के स्थानापन्न खिलाड़ी दीपक ने इंजुरी टाइम के दौरान 90+4 में गोल करके अंतर 2-3 कर दिया। इसी स्कोर पर मैच रैफरी अंशुल दीक्षित की समाप्ति की लंबी सीटी बजी। 

   दिन के दूसरे मुकाबले में पश्चिम हीरोज का दबदबा पूरी तरह से रहा, इसका कारण रहा गोल हंटर्स के गोलकीपर अतीफ का अपनी बेवकूफी भरी भूल से रेड कार्ड खाकर 13वें मिनट में मैदान छोड़ने पर मजबूर होना। वह विपक्षी फॉरवर्ड बिजेंदर को हेडर करने से रोकने के लिए अपने बॉक्स के बाहर आकर गेंद को पंच करने की बेवकूफी कर बैठे, जिस कारण रैफरी नितेश को रेड कार्ड दिखाकर उन्हें मैदान से बाहर कर पड़ा और उनकी टीम के खिलाड़ी दस हो गए, जिसका फायदा पश्चिम हीरोज ने भरपूर उठाया। इस घटना से पहले बिजेंदर ने बेहतरीन हेडर से गोल करके पश्चिम हीरोज को 7वें मिनट में 1-0 से आगे कर दिया था। अभिषेक ने 38वें मिनट में गोल दागा। बिजेंदर ने 45वें मिनट में अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल करके स्कोर 3-0 कर दिया। मैच का अंतिम गोल मध्यांतर के बाद गौतम ने 63वें मिनट में दागा, जिससे पश्चिम हीरोज को 4-0 की जीत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *