डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में गुजरे जमाने की चैंपियन शिमला यंग्स एफसी पिटी
- कॉन्सेंट एफसी ने शिमला यंग्स एफसी को 2-0 से हराया
- गुडविल एफसी ने उत्तराखंड एफसी को 1-0 से पराजित किया
संवाददाता
नई दिल्ली। गुजरे जमाने की चैंपियन शिमला यंग्स एफसी का अभियान डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में हार के साथ शुरू हुआ। शुक्रवार को पूर्व दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में शिमला यंग्स एफसी को कॉन्सेंट एफसी ने 2-0 से पराजित किया जबकि गुडविल एफसी ने उत्तराखंड एफसी को 1-0 से हराया। इस तरह दोनों टीमों ने अपने मुकाबले जीतकर पूरे तीन अंक बटोरे। कॉन्सेंट एफसी की जीत में उत्कृष्ट और कार्तिक ने गोल किए। वहीं, गुडविल के लिए देवेंद्र ने गोल दागा।

दिन के पहले मुकाबले में कॉन्सेंट एफसी की तरफ से दोनों हाफ में एक-एक गोल किया जबकि शिमला यंग्स एफसी की ओर से कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर पाया। उत्कृष्ट ने 41वें मिनट में गोल करके मैच का गतिरोध तोड़ा। मध्यांतर के बाद कार्तिक ने 71वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। इसी स्कोर पर रेफरी ने लंबी सीटी बजाकर मैच समाप्ति की घोषणा की और कॉन्सेंट एफसी को 2-0 से जीत मिली।

दिन के दूसरे मुकाबले में गुडविल एफसी की तुलना में उत्तराखंड एफसी एकदम फिसड्डी साबित हुई। लेकिन गुडविल की तरफ से यह मुकाबला मौके चूकने का रहा, जिसमें एक पेनल्टी किक भी शामिल है। इसके बाद उसकी जीत संघर्षपूर्ण बन गई। पहले हाफ में उत्तराखंड के डिफेंडर द्वारा एक शॉट को ब्लॉक करने के दौरान अपने बॉक्स के अंदर हैंड बॉल कर देने से रैफरी ने पेनल्टी किक का इशारा किया। इस पर गुडविल एफसी के लेफ्ट विंगर राहुल को पेनल्टी किक के रूप में एक आसान मौका मिला लेकिन उनके शॉट को उत्तराखंड एफसी के गोलकीपर तनीश ने अपनी बायीं तरफ फुल स्ट्रेच डाइव लगाकर रोक दिया।

इस कारण गुडविल एफसी को गोल पाने के लिए बेहद संघर्ष करना पड़ा। यह गतिरोध तब टूटा, जब रैफरी आदिल की लंबी सीटी बजने वाली थी। लेकिन उससे ठीक पहले स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+3वें मिनट में देवेंद्र ने मैच का एकमात्र गोल करके गुडविल को जैसे-तैसे जीत दिलाई।

वरिष्ठ पत्रकार
