February 4, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

ईशा ने जीता दूसरा एशियन चैंपियनशिप स्वर्ण

  • प्रतियोगिता के पहले दिन भारत नौ पदक जीतकर तालिका के शीर्ष पर पहुंचा

संवाददाता

नई दिल्ली, 04 फरवरी 2026: पूर्व मिक्स्ड टीम वर्ल्ड चैंपियन ईशा सिंह ने एशियन चैंपियनशिप में अपने करियर का दूसरा स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने बुधवार (04 फरवरी 2026) को डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप नई दिल्ली 2026 के पहले दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 239.8 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।  

   हैदराबाद की इस निशानेबाज़ ने इससे पहले दो साल पहले जकार्ता में भी यह खिताब जीता था। फाइनल में शुरुआती पांच शॉट के बाद वह सातवें स्थान पर थीं, लेकिन शानदार वापसी करते हुए 24 शॉट के फाइनल में 19वें शॉट के बाद निर्णायक बढ़त बना ली। चीनी ताइपे की चेंग येन-चिंग और यू आई-वेन ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।

   पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मौजूदा विश्व चैंपियन सम्राट राणा ने कांस्य पदक जीता। उज्बेकिस्तान के व्लादिमीर स्वेचनिकोव ने 242.0 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कजाकिस्तान के वालेरी राखिमज़ान रजत पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। सम्राट राणा का स्कोर 220.3 रहा।

   भारत ने महिलाओं की एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता, जहां ईशा सिंह, मनु भाकर और सुरुचि सिंह की तिकड़ी ने 1726 का स्कोर किया, जो रजत पदक जीतने वाली वियतनाम टीम से 13 अंक अधिक था। पुरुषों की एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में सम्राट राणा, शर्वन कुमार और वरुण तोमर की टीम ने रजत पदक हासिल किया।

   जूनियर पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जोनाथन गेविन एंथनी ने भी ईशा की तरह दिन का डबल गोल्ड जीता। उन्होंने 240.9 के स्कोर के साथ व्यक्तिगत स्वर्ण जीता और चिराग शर्मा व प्रियंशु यादव के साथ मिलकर टीम स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया।    कुल मिलाकर भारत ने पहले दिन नौ पदक जीते, जिनमें छह स्वर्ण और दो रजत शामिल हैं, और उज्बेकिस्तान से काफी आगे रहते हुए पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। दिन की अंतिम स्पर्धा, पुरुष यूथ 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत ने 1-2 का स्थान हासिल किया, जहां धैर्य पाराशर ने स्वर्ण और मंदीप चौहान ने रजत पदक जीता। दोनों ने गिरीश गुप्ता के साथ मिलकर टीम स्पर्धा का स्वर्ण भी जीता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *