डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में राहुल की हैट्रिक से कॉलिजयन एफसी की बड़ी जीत
- कॉलिजयन एफसी ने दिल्ली टाइगर्स एफसी को 4-0 से रौंद डाला
- कॉन्सियंट एससी ने उत्तराखंड एफसी को 4-1 से शिकस्त दी
संवाददाता
नई दिल्ली। कॉलिजयन एफसी और कॉन्सियंट एससी ने डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में अपने मुकाबले जीतकर पूरे तीन-तीन अंक बटोरे। सोमवार को पूर्वी दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में राहुल की हैट्रिक की बदौलत कॉलिजयन एफसी ने दिल्ली टाइगर्स एफसी को 4-0 से रौंद डाला जबकि कॉन्सियंट एससी ने उत्तराखंड एफसी को 4-1 से शिकस्त दी। कॉलिजयन एफसी के लिए राहुल की हैट्रिक के अलावा अभिनव शर्मा ने गोल किया जबकि कॉन्सियंट एससी की जीत में कनक राज वोहरा ने दो और वरुण व अर्णव चंद्र ने एक-एक गोल दागा।

दिन के पहले मुकाबले में कॉलिजयन एफसी ने दिल्ली टाइगर्स एफसी को 4-0 से रौंदा। इस एकतरफा मुकाबले में राहुल ने छठे मिनट में अपनी टीम का खाता खोला। 12वें मिनट में राहुल ने अपनी दूसरा गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। राहुल ने 31वें मिनट में अपनी हैट्रिक पूरी की। इस कारण कॉलिजयन एफसी 3-0 की बढ़त के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गई। मध्यांतर के बाद अभिनव शर्मा ने गोल करके स्कोर 4-0 कर दिया और रैफरी अली की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक यही स्कोर बना रहा।

दिन के दूसरे मुकाबले में कॉन्सियंट एससी ने उत्तराखंड एफसी को 4-1 से शिकस्त दी। मैच के 20वें मिनट में मिली पेनल्टी किक पर गोल करके वरुण ने अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई। 25वें मिनट में अर्णव ने कॉन्सियंट की बढ़त को दो गुना करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। मध्यांतर के समय स्कोर 2-0 रहा। हाफ टाइम के बाद कनक राज ने 67वें मिनट में मैच का अपना पहला और टीम के लिए तीसरा गोल दागा, जिससे स्कोर 3-0 हो गया। उत्तराखंड एफसी के ओम ने गोल करके अंतर कुछ कम करते हुए स्कोर 1-3 कर दिया। मैच रैफरी परितोष की लंबी सीटी बजने से पहले इंजुरी टाइम के दौरान 90+3वें मिनट में कनक राज ने अपना दूसरा गोल करके स्कोर 4-1 कर दिया।

वरिष्ठ पत्रकार
