डॉ. कार्तिक करकेरा और ठाकोर निरमाबेन ने जीती कॉग्निजेंट नई दिल्ली मैराथन
- तीन टॉप पुरुषों डॉ. कार्तिक, गोपी थोनाकल और मान सिंह ने जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाइंग मार्क हासिल किया
- ठाकोर निरमाबेन ने महिलाओं में टॉप का ताज अपने नाम किया जबकि पिछली बार की विजेता भागीरथी दूसरे स्थान पर रहीं
संवाददाता
नई दिल्ली, 22 फरवरी: मुंबई के डॉ. कार्तिक करकेरा ने अपनी शानदार लय को जरी रखते हुए रविवार सुबह कॉग्निजेंट नई दिल्ली मैराथन के 11वें एडिशन का प्रतिष्ठित ताज अपने नाम किया। जब सुबह-सवेरे तड़के ज्यादातर दिल्ली सो रही थी, तब 42.2 किलोमीटर की मैराथन दौड़ दो घंटे, तेरह मिनट और दस सेकेंड (02:13:10) की शानदार टाइमिंग में पूरी करते हुए, करकेरा ने इस साल के आखिर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाइंग मार्क को आराम से पार कर लिया।

पेशे से डॉक्टर (ऑर्थपेडिक), 28 साल के करकेरा को अनुभवी गोपी थोनाकल (02:13:12) और उत्तराखंड के मान सिंह (02:13:15) से कड़ी टक्कर मिली। तीनों के बीच पोडियम पर शीर्ष स्थान तक पहुंचने की होड़ में केवल कुछ सेकेंडों का अंतर रहा। जहां, डॉ. कार्तिक ने शीर्ष स्थान जीतकर मुंबई मैराथन के बाद लगातार दूसरी खिताबी कामयाबी हासिल की। तू डाल-डाल, मैं पात-पात की तर्ज पर अनुभवी गोपी थोनाकल (02:13:12) ने दूसरे स्थान पर और उत्तराखंड के मान सिंह (02:13:15) ने तीसरे स्थान पर रहकर पोडियम पर उपस्थिति दर्ज कराई। हालांकि मान सिंह पिछले साल (02:15:24) समय में सुधार करने बावजूद अपना खिताब नहीं बचा पाए। बहरहाल, ज़बरदस्त होड़ में तीनों ने कुछ ही पलों के अंदर फिनिश लाइन पार की, जिस कारण सितंबर में होने वाले आगामी एशियन गेम्स में पुरुष मैराथन के लिए जरूरी क्वालीफाई मार्क 2:15:04 को आसानी से पार करने में सफल हुए। अब ये तीनों जापान में होने वाले आगामी एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हालांकि, टॉप महिलाएं अपने पुरुष साथियों के शानदार रन की बराबरी नहीं कर पाईं, और एशियन गेम्स क्वालीफाई मार्क 2:31:52 के मार्क से काफी पीछे रह गईं। ठाकोर निरमाबेन (02:41:15) और पिछली बार की विजेता भागीरथी बिष्ट (02:43:28) ने अपना बेस्ट टाइमिंग निकाला लेकिन दोनों एशियन गेम्स के टिकट से काफी पीछे रहीं। हालांकि दोनों की पोडियम पर शीर्ष दो पोजिशन पिछले साल की तुलना में बदल चुकी थी।
ठाकोर निरमाबेन (02:41:15) ने अपनी ऊंची रैंकिंग के साथ न्याय करते हुए इस बार का खिताब अपने नाम किया। पिछली बार की विजेता भागीरथी बिष्ट (02:43:28) अपनी बेस्ट टाइमिंग निकालने के बावजूद अपना खिताब गंवा बैठी और दूसरे स्थान पर रहीं। अश्विनी जाधव (02:56:59) इस बार भी तीसरे स्थान पर रहीं लेकिन वह पिछले साल के अपने समय (02:50:48) से काफी पीछे थीं।

ओलंपिक मेडलिस्ट विजेंदर सिंह और टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना ने सुबह खास रेस को हरी झंडी दिखाई और बाद में, विजेताओं को चमचमाती ट्रॉफी और इनामी रकम दी। जैसा कि आप जानते है कि नई दिल्ली मैराथन, जो देश की एएफआई सर्टिफाइड नेशनल मैराथन है, बहुत सफल रही, जिसमें 31 देशों, 490 शहरों के 30,000 से ज़्यादा रनर ने हिस्सा लिया।
इस प्रतिष्ठित मैराथन के आयोजक एनईबी स्पोर्ट्स के रेस डायरेक्टर और सीएमडी नागराज अडिगा ने कहा, “हर साल, नई दिल्ली मैराथन बड़ी और बेहतर होती जा रही है, जिसमें भारत के सबसे अच्छे खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। दूसरे देशों के कई एथलीटों की मौजूदगी हमारे लिए सबसे बड़ी बात है।”

प्रयोजक कॉग्निजेंट इंडिया के प्रेसिडेंट (ग्लोबल ऑपरेशंस और चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर) राजेश वारियर ने कहा, “हम कॉग्निजेंट नई दिल्ली मैराथन 2026 के विजेताओं को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए दिल से बधाई देते हैं। इसी तरह, हर हिस्सा लेने वाले ने, चाहे वह कोई एलीट एथलीट हो, पहली बार दौड़ने वाला हो, या कम्युनिटी का सपोर्टर हो, इस इवेंट को हिम्मत, एकता और इंसानी जज़्बे का सच्चा जश्न बनाने में मदद की है। साथ मिलकर, हमें इस यादगार एडिशन का हिस्सा बनने पर गर्व है, जिसने न केवल शानदार एथलेटिक कामयाबी दिखाई, बल्कि दौड़ने वाली कम्युनिटी की मिलकर की एनर्जी और प्रेरणा भी दिखाई।”
हाफ मैराथन कैटेगरी का पुरुष खिताब कुलदीप कुमार (01:08:51) ने जीता जबकि रवि बुंबक (01:09:33) और मोहम्मद साहिल अनिगेरी (01:09:41) ने अगली दो पोजीशन हासिल कीं। महिला हाफ मैराथन जेनेट शिकुर रेशिद (01:19:36) ने जीती। एकता (01:19:39) दूसरे और प्रीति लाम्वा (01:19:59) तीसरे स्थान पर रहीं।
परिणाम:-
मैराथन (पुरुष): 1. कार्तिक जयराज करकेरा (02:13:10); 2. गोपी थोनाकल (02:13:12); 3. मान सिंह (02:13:15)
मैराथन (महिला): 1. ठाकोर निरमाबेन भारतजी (02:41:15); 2. भागीरथी (02:43:28); 3. अश्विनी मदन जाधव (02:56:59)
हाफ-मैराथन (पुरुष): 1. कुलदीप कुमार (01:08:51); 2. रवि बुंबक (01:09:33); 3. मोहम्मद साहिल अनिगेरी (01:09:41)
हाफ-मैराथन (महिला): 1. जेनेट शिकुर रशीद (01:19:36); 2. एकता (01:19:39); 3. प्रीति लामवा (01:19:59)
10 किमी (पुरुष): 1. मानव शर्मा (0:30:40); 2. प्रकाश राय (0:30:44); 3. विशाल सिंह (0:34:45)
10 किमी (महिला): 1. अंजलि (0:37:05); 2. नेहा नेहा (0:41:50); 3. अनुप्रीति मिश्रा (0:41:48)

वरिष्ठ पत्रकार
