June 16, 2025

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

पहले दिन: मनु ने बांधी पदक की उम्मीद, हॉकी और बैडमिंटन में जीत से शुरुआत

संवाददाता

पेरिस ओलम्पिक गेम्स के पहले दिन भारत की झोली में पदक नहीं आया लेकिन आज के प्रदर्शन से रविवार को एक पदक मिलने की उम्मीद जाग गई है। शनिवार को खेलों के इस महाकुंभ के पहले दिन शूटर मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला शूटिंग स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई करके पदक की उम्मीदों को कायम रखा। मनु ने क्वालिफिकेशन राउंड में 600 में से 580 अंकों पर निशाना लगाया और तीसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने इनर 10 में टारगेट पर 27 बार निशाना लगाया, जो कि क्वालिफिकेशन राउंड में सभी शूटरों से ज्यादा था।

इस स्पर्धा में एक अन्य भारतीय रिद्म सांगवान 573 अंक लेकर 15वें स्थान पर रही। इससे पहले 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित शूटिंग स्पर्धा में भारतीय जोड़ी अर्जुन बाबूता और रमिता जिंदल आगे नहीं बढ़ पाई। क्योंकि यह जोड़ी 628.7 अंक लेकर क्वालिफिकेशन राउंड छठे स्थान पर रही। एक अन्य भारतीय जोड़ी इलावेनिल वालारिवान और संदीप सिंह 626.3 अंकों के साथ 12वें स्थान पर रही।

   बैडमिंटन की पुरुष एकल स्पर्धा में भारत के लक्ष्य सेन ने जीत से ग्रुप चरण में अपना अभियान शुरू किया। उन्होंने ग्वाटेमाला के केविन कॉर्डन को सीधे गेमों में 21-8, 22-20 से हराया। पुरुष युगल में दुनिया की नंबर तीन जोड़ी सात्विक साईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने भी जीत से शुरुआत की है। भारतीय जोड़ी ने मेजबान देश फ्रांस की जोड़ी लुकास कोरवी और रोनन लाबार को 21-17, 21-14 से पराजित किया। वहीं, महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और तनिशा क्रास्टों की जोड़ी अपना ग्रुप मुकाबला हार गई। भारतीय जोड़ी को कोरियाई जोड़ी किम सो-येओंग और कोंग ही-योंग ने 21-18, 21-10 से शिकस्त दी।

   टेबल टेनिस के पुरुष एकल वर्ग में हरमीत देसाई ने प्रीमलरी राउंड में जोर्डन के जैद अबो यमान को 4-0 से पराजित किया। लॉन टेनिस में भारतीय जोड़ी रोहन बोपन्न और एन. श्रीराम रौलां गैरों की लाल बजरी पर अपना अभियान शुरू नहीं कर पाए। खराब मौसम के कारण गेल मोनफिल्स और एडौर्ड रोजर-वासेलिन की फ्रेंच जोड़ी के साथ उनका मुकाबला शुरू नहीं हो पाया। रोइंग की पुरुष सिंगल स्कल स्पर्धा की हीट्स में भारत के बलराज पंवार 7 मिनट 7.11 सेकेंड समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। अब उन्हें आगे बढ़ने के लिए रेपचेज दौर से गुजरना होगा।

   भारतीय हॉकी टीम ने भी जीत से अपना अभियान शुरू किया। भारतीय टीम ने पूल बी के अपने पहले मुकाबले न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया। भारत की जीत में मनदीप सिंह (24वें), विवेक सागर (34वें) और हरमनप्रीत सिंह (59वें मिनट में) ने गोल दागे जबकि न्यूजीलैंड के लिए सैम गारेट लेन (चौथे) और साइमन चाइल्ड (53वें मिनट में) ने गोल किए। उधर, पेरिस ओलम्पिक के पहले दोनों स्वर्ण पदक चीन ने झटके। चीन ने पहला स्वर्ण 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग मिश्रित स्पर्धा में जीता और दूसरा स्वर्ण उसे गोताखोरी की सिंक्रोनाइज्ड तीन मीटर स्प्रिंगबोर्ड स्पर्धा में मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *