June 16, 2025

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

मनु भाकर को बीबीसी स्पोर्ट्स वुमन अवार्ड

  • अवनि लेखरा को बीबीसी पैरा-स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर अवॉर्ड मिला
  • शीतल देवी को बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर का अवॉर्ड प्रदान किया गया
  • मिताली राज को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2024 से सम्मानित किया गया

राजेंद्र सजवान

इसे संजोग कहें या कुछ और लेकिन जिस दिन ‘बीबीसी  इंडियन स्पोर्ट्स वुमन ऑफ द ईयर अवार्ड’ घोषित किए गए उसी दिन पेरिस ओलम्पिक की सफलतम भारतीय खिलाड़ी मनु भाकर का जन्मदिन भी था। सम्भवतया यह पूर्वनियोजित था। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हुई वोटिंग के आधार पर मनु को श्रेष्ठ आंका गया। अवार्ड की खुशी के साथ जन्मदिन भी धूम-धाम से मनाया गया, जिसमें देश की जानी-मानी खेल हस्तियां शामिल हुईं। इस अवसर पर अवनि लेखरा को बीबीसी पैरा-स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर अवॉर्ड, शीतल देवी को बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर का अवॉर्ड और मिताली राज को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2024 से सम्मानित किया गया।

   मनु ने 2024 के पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतकर अभूतपूर्व कारनामा किया। किसी भी ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली वो पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। उल्लेखनीय है कि 2021 में मनु भाकर को बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिल चुका है। पैरा शूटिंग में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाली अवनि लेखरा को बीबीसी पैरा-स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर का अवॉर्ड दिया गया है। टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड और ब्रॉन्ज जीतने के साथ ही 2024 के पेरिस ओलंपिक में भी उन्होंने गोल्ड जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। भारतीय महिला खिलाड़ियों के अभूतपूर्व प्रदर्शन को सराहने वाली नामी खेल हस्तियों में हॉकी द्रोणाचार्य प्रीतम ठाकरान, नामी हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह, मैरीकॉम, खो-खो फेडरेशन अध्यक्ष सुधांशु मित्तल आदि मौजूद थे।

   इस अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेताओं को बधाई सन्देश में कहा, “मैं बीबीसी की पूरी टीम को इस सराहनीय कार्यक्रम ‘बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर’ का आयोजन करने के लिए बधाई देती हूं। इस पहल के जरिये जिन शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को सम्मान दिया गया है, उन्होंने न केवल खेल के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कीं, बल्कि उन्होंने युवा लड़कियों को भी निडर होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।”

   बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी ने दिल्ली में इस पूरे कार्यक्रम की मेजबानी की। टिम डेवी ने ओलंपिक में मनु भाकर के ऐतिहासिक प्रदर्शन को भारतीय खेलों के लिए ऐतिहासिक बताया, “एक प्रतिभाशाली युवा निशानेबाज से रिकॉर्ड तोड़ने वाली ओलंपियन तक उनकी यात्रा ने भारत ही नहीं, यहां के बाहर भी एथलीटों को प्रेरित किया है। हम पैरा स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर का अवॉर्ड अवनि लेखरा को देकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उनके धैर्य और रिकॉर्ड तोड़ने वाली सफलता पैरा स्पोर्ट्स को अधिक समावेशी और उत्कृष्ट बनाने का रास्ता दिखाती रही है।”

   बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड 18 वर्षीय तीरंदाज शीतल देवी को भारत की सबसे कम उम्र की पैरालंपिक पदक विजेता के रूप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के लिए दिया गया है। जम्मू की इस तीरंदाज ने सिर्फ तीन वर्षों में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने 2024 पेरिस पैरालंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता,  2022 के एशियन पैरा गेम्स में दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं, वर्ल्ड पैरा आर्चरी चैंपियनशिप में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *