November 18, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

सातवें टी20 देवभूमि टूर्नामेंट का खिताब उत्तराखंड योद्धाज ने जीता

  • उत्तराखंड योद्धाज ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहाड़ बॉयज को 6 विकेट से पराजित किया

संवाददाता

नई दिल्ली: उत्तराखंड योद्धाज ने 7वें DSMF T20 नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। देवभूमि स्पोर्ट्स महाकौथिक फाउंडेशन (डीएसएमएफ) द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट का समापन शानदार खिताबी मैच के साथ हुआ, जो कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया।। इस फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड योद्धाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहाड़ बॉयज को 6 विकेट से पराजित किया।

   फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड योद्धाज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पहाड़ बॉयज की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रनों का मामूली स्कोर बनाए। जवाब में, लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड योद्धाज की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर खिताब अपने नाम किया।

  • प्रमुख पुरस्कार विजेता इस प्रकार हैं:-
  • मैन ऑफ द मैच – रोहन रावत
  • फाइटर ऑफ द मैच – मनीष शर्मा
  • प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – मानस जोशी
  • बेस्ट बैटर – अनंत
  • बेस्ट बॉलर – अरिवल भंडारी

   कार्यक्रम का शुभारंभ हल्दीराम फूड एंड स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य अतिथि राकेश चौहान द्वारा दीप प्रज्वलन एवं ध्वजारोहण के साथ किया गया। हल्दीराम की ओर से ₹1,00,000 की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफी राकेश चौहान द्वारा विजेता टीम उत्तराखंड योद्धाज को प्रदान की गई। ईशा फाउंडेशन की ओर से ₹51,000 की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफी उपविजेता टीम पहाड़ बॉयज को प्रदान की गई। इनमें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को ₹5,100 एवं ट्रॉफी, दोनों सेमीफाइनलिस्ट टीमों को ₹5,100-₹5,100 एवं ट्रॉफी तथा बेस्ट बॉलर और बेस्ट बैटर को ₹3,100-₹3,100 एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। बाबाजी फूड एंड स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड के विशिष्ट अतिथि राजेश लांबा द्वारा फाउंडेशन के सभी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन स्वरूप बाबाजी फूड के गिफ्ट हैंपर भेंट किए गए। वहीं, एस.बी. स्पोर्ट्स की ओर से जितेंद्र एवं विकास वत्स द्वारा अंडर-26 खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रिकेट बैट, पैड एवं ग्लव्स उपहार स्वरूप दिए गए।

   इससे पहले कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ईशा फाउंडेशन से सुनील नेगी जी अपनी धर्मपत्नी सुषमा नेगी, पुत्र शुभम नेगी एवं डॉ. सोनाक्षी नेगी के साथ उपस्थित रहे। सुनील नेगी जी द्वारा मुख्य पिच का रिबन काटकर फाइनल मुकाबले का विधिवत शुभारंभ किया गया। समापन समारोह में मोहनिश सूद, डिप्टी कमिश्नर (आईआरएस), आयकर विभाग; डी.एस. नेगी, आयकर अधिकारी; समाजसेवी बृजमोहन उप्रेती; योग गुरु जसपाल असवाल; डॉ. तिलोमनी भट्ट; एडवोकेट जगदीश वोरा; क्रिकेट कोच कमल बागड़ी; समाजसेवी हरीश असवाल; उदय ममगाईं राठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

   सभी अतिथियों का पारंपरिक पहाड़ी वाद्य यंत्रों एवं ‘मेरे प्यारो पहाड़’ टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया, जिसने कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की विशेष छटा बिखेरी।

   मीडिया का विशेष सहयोग: इस आयोजन को व्यापक मीडिया कवरेज प्रदान करने में वरिष्ठ खेल पत्रकार राजेंद्र सजवान, राजेश राय (यूएनआई), नवीन शर्मा (रेडियो वीर जोन), शाहिद (टीवी एवं रेडियो पत्रकार), वरिष्ठ पत्रकार अजय नैथानी तथा फाउंडेशन के मीडिया पार्टनर वॉइस ऑफ माउंटेन से जगमोहन एवं संध्या जिज्ञासु का विशेष सहयोग रहा।

   आयोजकों ने सभी सहयोगियों का जताया आभारइस अवसर पर DSMF के कार्यकारी अध्यक्ष एवं महासचिव श्री राजेंद्र रावत, श्री दरवान रावत, खेल सचिव श्री दयाल सुंदरियाल, क्रिकेट कमेंट्री प्रभारी श्री सुभाष घिल्डियाल, टीम रजिस्ट्रेशन इंचार्ज श्री श्याम शर्मा, खेल सलाहकार श्री वीरेंद्र बिष्ट एवं संरक्षक श्री मनवर सिंह असवाल की ओर से सभी खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन, कप्तानों, अतिथियों, प्रायोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *