आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन और दिल्ली क्रिकेट हब जीते
- आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन ने फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से पराजित किया
- दूसरे मैच में दिल्ली क्रिकेट हब ने दिल्ली ब्लूज क्रिकेट क्लब को 35 रन से हराया
संवाददाता
नई दिल्ली, 5 जून 2026: आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन और दिल्ली क्रिकेट हब ने शुक्रवार को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 में अपने मुकाबले जीते। यहां सेंट स्टीफन ग्राउंड में खेले गए दिन के पहले मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन ने फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से हराया जबकि दूसरे मैच में दिल्ली क्रिकेट हब ने दिल्ली ब्लूज क्रिकेट क्लब को 35 रन से पराजित किया।
पूल ‘सी’ लीग मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन की जीत में ओपनर हिम्मत सिंह (32 गेंदों में 8 चौके, 6 छक्के, 74 रन) के शानदार प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के आयोजन सचिव गौरव सरीन एवं आर्यन सहगल ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब के सूरज सतपाल राठौर (23 रन देकर 2 विकेट) को मिला।

इस मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन के कप्तान सिद्धांत शर्मा ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। लिहाजा, फ्रेंड्स सीसी की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 13 ओवरों में आठ विकेट पर 113 रन बनाए। उसकी ओर से घनश्याम 19 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 31 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि शौर्यवीर सिंह ने 27 और ओपनर देव मेहरा ने 27 और यशवर्धन ओबरॉय 23 रनों का योगदान दिया। आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन के लिए अमन चौधरी (18 रन देकर 4 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। शौर्य मलिक, शिवम शर्मा और कमल सिंह भैरवा को 1-1 विकेट मिला।
जवाब में 113 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 10 ओवरों में केवल 2 विकेट खोकर 116 बनाकर मुकाबला आसानी से आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। उसकी ओर से ओपनर हिम्मत सिंह (32 गेंदों में 8 चौके, 6 छक्के, 74 रन) विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए टॉप स्कोरर रहे। अंत में ध्रुव सिंह ने (9 गेंदों में 2 चौके, 2 छक्के, नाबाद 23 रन) बनाकर टीम को जीत दिलाई। फाइटर ऑफ द मैच रहे सूरज सतपाल राठौर (23 रन देकर 2 विकेट) फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब की ओर से एकमात्र सफल गेंदबाज रहे।

पूल ‘डी’ लीग मैच में दिल्ली क्रिकेट हब की जीत में विनीत धनखड़ (7 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के, 21 रन और 25 रन देकर 3 विकेट) के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के महासचिव विशाल कट्याल और शुभ शर्मा ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिल्ली ब्लूज क्रिकेट क्लब के गेंदबाज प्रणित तिवारी (26 रन देकर 3 विकेट) को मिला।
मैच में दिल्ली ब्लूज क्रिकेट क्लब के कप्तान हरीश डागर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लिहाजा, दिल्ली क्रिकेट हब की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 204 रन बनाए। उसकी ओर से साईअंश वोहरा (34 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्के, 61 रन) टॉप स्कोरर रहे। कप्तान हरीश डागर (38 गेंदों पर 8 चौके और 1 छक्का, 59 रन) ने भी अर्धशतक बनाया। विनीत धनकड़ ने ताबड़तोड़ 21 रनों का योगदान किया। दिल्ली ब्लूज क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में प्रनीत तिवारी (26 रन देकर 3 विकेट) और रेवंत राक्यन (57 रन देकर 3 विकेट) ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। विशाल चौधरी ने एक विकेट हासिल किया।

जवाब में, 205 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ब्लूज़ सी.सी. की टीम 19.5 ओवरों में 169 रन पर सिमट गई। उसकी ओर से अर्णव कौल (22 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्के, 34 रन) टॉप स्कोरर रहे। मनदीप सिंह ने 32 और मनीष यादव ने 29 रनों का योगदान किया। दिल्ली क्रिकेट हब की ओर से विनीत धनखड़ (25 रन देकर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। सुभाष यादव ने भी तीन विकेट चटकाए जबकि पंकज को दो और साईअंश वोहरा को एक विकेट मिला।


वरिष्ठ पत्रकार
