इंडियन ओपन 750 में भारतीय चुनौती को संभालेंगे सिंधु और लक्ष्य सेन

पूर्व ओलम्पिक चैम्पियन कैरोलीना मारिन बोली, सिंधू बड़ी दोस्त है, लेकिन वो टूर्नामेंट जीतने भारत आई हैं

इंडियन ओपन का आयोजन 17 से 22 जनवरी तक नई दिल्ली के केडी जाधव इंडोर हॉल में किया जाएगा

वर्ल्ड टूर सुपर 750 इवेंट में चीन का सबसे बड़ा दल होगा

विश्व रैंकिंग में शामिल 242 खिलाड़ी 8,50,000 डालर की पुरस्कार राशि के लिए एक्शन में नजर आएंगे

राजेंद्र सजवान

“भारत हमेशा से मेरे लिए घर जैसा रहा है, जहां मेरी दोस्त पीवी सिंधु रहती है। मैं यह भी जानती हूं कि सिंधु को कोई भी भारतीय हारते नहीं देखना चाहता लेकिन मैं यहां ‘सनराइज इंडिया ओपन’ जीतने आई हूं।” स्पेन की दिग्गज महिला शटलर कैरोलिना मारिन ने सोमवार को राजधानी दिल्ली में वर्ल्ड टूर सुपर 750 इवेंट इंडियन ओपन बैडमिंटन के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। स्पेनिश पूर्व ओलम्पिक चैम्पियन ने कहा कि इंडियन ओपन साल दर साल लोकप्रिय हो रहा है, जिसके आयोजन से भारत में कई अच्छे खिलाड़ी उभर कर आ रहे हैं।

  

इंडियन ओपन का आयोजन 17 से 22 जनवरी तक नई दिल्ली के केडी जाधव इंडोर हॉल में किया जाएगा, जिसे इस वर्ष वर्ल्ड टूर सुपर 750 इवेंट के तौर पर अपग्रेड किया गया है। इस आयोजन में विश्व रैंकिंग में शामिल 242 खिलाड़ी 8,50,000 डालर की पुरस्कार राशि के लिए एक्शन में नजर आएंगे। आयोजन पांच कैटेगरी में किया जाएगा।

   टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन और चीन के यूंफेई के अलावा जापान की मौजूदा विश्व चैम्पियन अकाने यामागुची, भारत की दो ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु, स्पेन की पूर्व ओलम्पिक और विश्व चैम्पियन कैरोलिना, भारत के नंबर एक लक्ष्य सेन प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं।

  

साल के पहले सुपर 750 इवेंट में 22 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे जिसमें  एशिया के पावर हाउस चीन ने 30 खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल भेजा है। जापान के 29 खिलाड़ी भाग लेने आए हैं। जहां तक मेजबान भारत की उम्मीद की बात है तो पीवी सिंधु के नेतृत्व में 19 खिलाड़ी उतर रहे हैं, जिनमें सिंधु के अलावा एचएस प्रणय, लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत और  रैंकी रेड्डी व चिराग शेट्टी की जोड़ी शामिल हैं। 

   बीएआई के महासचिव संजय मिश्रा ने भारतीय बैडमिंटन प्रेमियों से अनुरोध किया कि अधिकाधिक तादाद में चैम्पियन खिलाड़ियों के खेल का लुत्फ उठाने पहुंचे। सिंधु भी चाहती हैं कि अपने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए बैडमिंटन के चाहने वाले मैचों को देखने आएं।

  

भारत की शीर्ष महिला खिलाड़ी सिंधु और सायना नेहवाल के अलावा लक्ष्य सेन सहित कई उभरते भारतीय खिलाड़ी अपनी पहचान बनाने और खिताब जीतने के दावेदारों में शामिल हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *