गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन समिति एकादश ने जीती स्वर्गीय दीवान चमनलाल कत्याल ट्रॉफी
- गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन समिति एकादश ने डीएसजेए को पांच विकेट से हराया
- मेजबान टीम के ओपनर योगेश (39 गेंदों में 14 चौके, 5 छक्के, नाबाद 102 रन) को शानदार शतक के लिए मैन ऑफ द मैच अवार्ड डीडीसीए के संयुक्त सचिव अमित ग्रोवर ने प्रदान किया
- डीएसजेए के अमित चौधरी (41 रन और 1 विकेट) को फाइटर ऑफ द मैच अवार्ड प्रदान किया गया
संवाददाता
नई दिल्ली। सलामी बल्लेबाज योगेश के शानदार नाबाद शतक की बदौलत गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन समिति एकादश ने स्वर्गीय दीवान चमनलाल कत्याल ट्रॉफी जीत ली है। गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन समिति एकादश ने रविवार को सेंट स्टीफन कॉलेज ग्राउंड में खेले गए वार्षिक मुकाबले में दिल्ली खेल पत्रकार संघ (डीएसजेए) को पांच विकेट से हराया। मेजबान टीम के ओपनर योगेश (39 गेंदों में 14 चौके, 5 छक्के, नाबाद 102 रन) को शानदार शतक के लिए मैन ऑफ द मैच अवार्ड डीडीसीए के संयुक्त सचिव अमित ग्रोवर ने प्रदान किया जबकि डीएसजेए के अमित चौधरी (41 रन और 1 विकेट) को फाइटर ऑफ द मैच अवार्ड प्रदान किया गया। इन दिनों 51वां ऑल इंडिया गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 खेला जा रहा है जबकि आज के वार्षिक मुकाबले में दिल्ली खेल पत्रकार संघ (डीएसजेए) की टीम अध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी की कप्तानी में मैदान पर उतरी।

गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन समिति एकादश के कप्तान विकास कत्याल ने टॉस जीता और फील्डिंग करने का फैसला लिया। लिहाजा, डीएसजेए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 165 रनों के चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसके लिए ओपनर अमित चौधरी (29 गेंदों में 6 चौके, 41 रन) टॉप स्कोरर रहे जबकि उनके साथी ओपनर ऋषभ ने 36, ललित कालिदास ने 32, विनय यादव ने 29 और लोकेश शर्मा 24 रनों का योगदान किया। आयोजन समिति की ओर से जतिन शर्मा (18 रन देकर तीन विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके अलावा देवांश गुप्ता, और समृद्धि ढींगरा ने दो-दो विकेट हासिल किए। कप्तान विकास कत्याल को एक विकेट मिला।

जवाब में, गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन समिति एकादश ने 15.4 ओवरों में पांच विकेट पर 167 रन बनाकर मैच पांच विकेट से जीत लिया। उसकी तरफ से ओपनर योगेश (39 गेंदों में 14 चौके, 5 छक्के, 102 रन) नाबाद शतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि कप्तान विकास कत्याल 35 रन बनाकर नाबाद लौटे। डीएसजेए की ओर से राकेश थपलियाल (21 रन देकर 2 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। आकाश रावल, अमित चौधरी और लोकेश शर्मा ने एक-एक विकेट चटकाए।

