14वां दिन: नीरज चोपड़ा ने जीता लगातार दूसरे ओलम्पिक में पदक

  • भारत के गोल्डन ब्वॉय अपने सीजन बेस्ट प्रदर्शन 89.45 मीटर के साथ रजत पदक जीतने में कामयाब हुए
  • अरशद नदीम ने 92.97 मीटर के नए ओलम्पिक रिकॉर्ड के साथ पाकिस्तान का पहला व्यक्तिगत गोल्ड जीता

संवाददाता

भारत की सबसे पड़ी उम्मीद नीरज चोपड़ा ने अपने लगातार दूसरे ओलम्पिक में पदक जीत लिया है। टोक्यो ओलम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज ने गुरुवार देर रात को हुई पेरिस ओलम्पिक गेम्स की मेंस जेवलिन थ्रो स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया है। इस तरह भारत पेरिस में चल रहे खेलों के महाकुंभ के 14वें दिन एक सिल्वर और चार ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पदक तालिका में 63वें स्थान पर है। भारत के लिए एथेलटिक्स (जेवलिन थ्रो) में नीरज चोपड़ा ने रजत, शूटिंग (कुल तीन ब्रॉन्ज) में मनु भाकर ने दो कांस्य (एक सरबजोत सिंह के साथ) और स्वप्निल कुसाले ने एक कांस्य, पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य जीता है। उधर, खबर लिखे जाने तक अमेरिका टॉप पर है। उसके खाते में 30 स्वर्ण, 38 रजत व 35 कांस्य हैं। चीन 29 स्वर्ण, 25 रजत और 19 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है, जो 18 स्वर्ण, 14 रजत और 13 कांस्य झटक चुका है।   

  • नीरज सीजन बेस्ट के साथ पोडियम फिनिश करने में कामयाब रहे

   अपनी स्वर्णिम सफलता को दोहराने के इरादे से पेरिस आए टोक्यो ओलम्पिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा पोडियम फिनिश करने में तो कामयाब हुए लेकिन वह पुरुष जेवेलिन थ्रो स्पर्धा में सिल्वर जीत सके। उनके दूसरे स्थान पर रहने की वजह रहा पाकिस्तान के अरशद नदीम का रिकॉर्ड तोड़ थ्रो। नीरज ने पहले वैध प्रयास में 89.45 मीटर की दूरी तक भाला फेंका जो कि उनका इस सीजन का बेस्ट और अपने कुल दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। लेकिन उनके इस प्रयास से पहले ही नदीम अपने पहल वैध थ्रो में 92.97 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर नया ओलम्पिक रिकॉर्ड कायम कर चुके थे, जिसे कोई अन्य छू तक नहीं पाया और यह उनको पाकिस्तान का पहला व्यक्तिगत गोल्ड दिलाने के लिए पर्याप्त था। हालांकि नीरज ने बेहतर करने के चक्कर में अपने शेष चार प्रयासों में फाउल कर बैठे। वहीं नदीम ने अपने छठे व अंतिम प्रयास में 91.79 मीटर की दूरी हासिल करके दूसरी बार 90 का आंकड़ा पार किया। इससे पहले नीरज ने बुधवार को 89.34 मीटर की दूरी तक भाला फेंक कर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया था।

  • भारत की दोनों टीमें 4X400 मीटर दौड़ में आगे नहीं बढ़ पाई

   एथलेटिक्स में भारत की दोनों टीमें 4X400 मीटर दौड़ में आगे बढ़ने में नाकाम रहीं। ज्योतिका श्री दांडी, एम. आर. पूवम्मा, सुभा वेंकटेशन और विथ्या रामराज की चौकड़ी महिला 4X400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई, क्योंकि उसने 3 मिनट 32.51 सेकेंड समय में दौड़ पूरी की और भारत राउंड 1 की हीट 2 सबसे अंतिम स्थान पर रहा। महिलाओं की तरह पुरुष टीम ने अपना सीजन बेस्ट समय जरूर निकाला लेकिन पुरुष 4X400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई। अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल, मुहम्मद अनस और राजेश रमेश की चौकड़ी ने 3 मिनट 00.58 सेकेंड समय का समय निकाला, जो कि इस सीजन में उसका सबसे बेस्ट टाइम है। लेकिन भारत राउंड 1 की हीट 2 में चौथे स्थान पर रहने के कारण क्वालीफाई नहीं कर पाया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *