एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप 2026: आकृति और अंजुम पर भारी पड़ीं सोफिया शुल्झेंको
- कज़ाख़ निशानेबाज़ ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ 50 मीटर राइफल थ्री पोज़िशन (3पी) महिला स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता
- आकृति दहिया को रजत जबकि विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता अंजुम मौदगिल को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा
- मेजबान भारत ने चैंपियनशिप के सातवें दिन दो और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी बढ़त को और मज़बूत किया
संवाददाता
नई दिल्ली, 10 फरवरी 2026: एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप 2026 में लगातार दूसरे दिन दो भारतीय नामी शूटरों के हाथ से गोल्ड फिसल गया। हालांकि भारत ने राजधानी दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही इस चैंपियनशिप के सातवें दिन दो और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी बढ़त को और मज़बूत किया। मंगलवार को कज़ाख़स्तान की निशानेबाज़ सोफिया शुल्झेंको भारत की दो निशानेबाजों अकृति दहिया और अनुभवी अंजुम मौदगिल से बेहतर साबित हुईं, जब कजाख शूटर ने 50 मीटर राइफल थ्री पोज़िशन (3पी) महिला स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सोफिया ने 35 शॉट के फाइनल में 358.2 का स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक जीता और उनकी रजत पदक विजेता आकृति दहिया पर बढ़त चार अंकों की रही। यह आकृति का पहला अंतरराष्ट्रीय पदक है। आकृति की सीनियर साथी और विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता अंजुम मौदगिल को 340.4 के स्कोर के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। सोफिया के इस शानदार प्रदर्शन ने एक साथ चार रिकॉर्ड दिलाए—विश्व रिकॉर्ड, विश्व जूनियर रिकॉर्ड, एशियन रिकॉर्ड और एशियन जूनियर रिकॉर्ड बनाए।

जूनियर महिला 3पी फ़ाइनल में भारत की प्राची गायकवाड़ ने 353.3 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। कज़ाख़स्तान की 14 वर्षीय टॉमिरिस अमानोवा ने 351.4 के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि भारत की अनुष्का ठाकुर ने 341.1 के स्कोर के साथ (34वें शॉट के बाद) कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्राची, अनुष्का और हेज़ल की तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 1748 के कुल स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जो टीम कज़ाख़स्तान से सात अंक अधिक था। वहीं सीनियर महिला 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में कज़ाख़स्तान ने 1760 के संयुक्त स्कोर के साथ भारत को चार अंकों से पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता।

वरिष्ठ पत्रकार
