June 14, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन ने जीता गोस्वामी गणेश दत्त टूर्नामेंट (रजि.) 2026 का खिताब

  • आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन ने फाइनल में कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब को 4 विकेट से पराजित किया

संवाददाता

नई दिल्ली, 14 जून 2026: आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन ने 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 का खिताब जीत लिया है। रविवार को यहां सेंट स्टीफन ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन ने कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब को 4 विकेट से शिकस्त दी।

   इस खिताबी मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन की जीत में हिम्मत सिंह (30 गेंदों में 11 चौके, 7 छक्के, 95 रन) के विस्फोटक बल्लेबाजी प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) की ओर से डीडीसीए के पूर्व संयुक्त सचिव राजन मनचंदा ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब के ललित यादव (51 गेंदों में 5 चौके, 10 छक्के, 109 रन) को मिला।

   इस मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन के कप्तान सिद्धांत शर्मा ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। लिहाजा, कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 245 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे ललित यादव (51 गेंदों में 5 चौके, 10 छक्के, 109 रन) शतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि कप्तान समर्थ सेठ (39 गेंदों में 5 चौके, 8 छक्के, 80 रन) ने अर्धशतक लगाया। उनके साथी ओपनर स्वास्तिक चिकारा ने 24 रनों का योगदान किया। आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन के लिए शिवम शर्मा (25 रन देकर 2 विकेट) और शौर्य मलिक (57 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए।

   जवाब में 246 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरे आउटर दिल्ली वारियर्स के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और टीम ने 17.1 ओवर में छह विकेट खोकर 251 बनाकर खिताबी मुकाबला चार विकेट से अपने नाम कर लिया। उसकी ओर से मैन ऑफ द मैच रहे हिम्मत सिंह (30 गेंदों में 11 चौके, 7 छक्के, 95 रन) अर्धशतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे। ध्रुव सिंह (29 गेंदों में 6 चौके, 6 छक्के, 69 रन) ने भी अर्धशतक जमाया। ओपनर सार्थक रंजन ने 39 रनों का योगदान किया। कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब की ओर से अरुण चपराना (47 रन देकर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। अजित (भोलू) (48 रन देकर 2 विकेट) ने दो विकेट चटकाए। तेजस बोकारा ने एक विकेट हासिल किया।

  • मैन ऑफ द टूर्नामेंट – हिम्मत सिंह (आउटर दिल्ली वारियर्स)
  • बेस्ट बैट्समैन – यजस शर्मा (बाल भवन क्रिकेट एकेडमी)
  • बेस्ट ऑलराउंडर – अरुण चपराना (कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब)
  • बेस्ट बॉलर – अमन चौधरी (आउटर दिल्ली वॉरियर्स)
  • सबसे होनहार क्रिकेटर – सुजल सिंह (ईस्ट दिल्ली राइडर्स)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *