32वीं नेहरू गर्ल्स हॉकी में जीआईसी हरिद्वार का अभियान जीत के साथ संपन्न
- उत्तराखंड के जीआईसी ने लड़कियों के अंडर-17 कैटेगरी के अपने दूसरे मैच में घुमनहेडा राइसर्स एकेडमी को 4 गोलों से हराया
- इस मुकाबले में गुनगुन कटारिया प्लेयर ऑफ द मैच रहीं
- जीआईसी को पहले मुकाबले में साई एसटीसी हिसार से 3-6 की हार का मुंह देखना पड़ा, जो उसे भारी पड़ गई
संवाददाता
नई दिल्ली, 16 अक्तूबर 2026: 32वें नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट में हरिद्वार के गवर्नमेंट इंटर कॉलेज (जीआईसी), भेल, रानीपुर का अभियान जीत के साथ संपन्न हुआ। हरिद्वार के स्कूल ने लड़कियों के अंडर-17 कैटेगरी के अपने अंतिम मैच में दिल्ली की घुमनहेडा राइसर्स एकेडमी को 4-0 से हराया लेकिन यह जीत उसको अगले राउंड में पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं रही। क्योंकि हरिद्वार के जीआईसी को अपने पहले मुकाबले में साई एसटीसी हिसार से 3-6 की पराजय का मुंह देखना पड़ा था, जो उसे भारी पड़ गई।

राजधानी दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में हरिद्वार की टीम ने बुधवार को अपने दूसरे मुकाबले के दूसरे हाफ में अपना दमखम दिखाया, क्योंकि पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर चल रहा था। पहला शानदार मैदानी गोल 39वें मिनट में गुनगुन कटारिया ने दागा, जिससे हरिद्वार की टीम 1-0 से आगे हो गई। 44वें मिनट में मीनाक्षी ने मैदान गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। 46वें मिले पेनल्टी कॉर्नर का फायदा करीना ने उठाया और उनकी टीम 3-0 की बढ़त पर आ गई। 60वें मिनट में फिर से मिले पेनल्टी कॉर्नर को कप्तान रिया ने गोल में तब्दील कर दिया। उनके इस गोल के साथ ही हरिद्वार की टीम 4-0 से मैच अपने नाम कर गई। विजेता टीम की गुनगुन कटारिया को प्लेयर ऑफ द मैच के रूप में फ्लैश की हॉकी प्रदान की।

इससे एक दिन पहले मंगलवार दोपहर को खेलने उतरी जीआईसी हरिद्वार ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया और करीना के 10वें मिनट में गोल की मदद से साई एसटीसी हिसार पर शुरुआती बढ़त भी बना ली थी। लेकिन दूसरे क्वार्टर के दौरान 23वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर अंजलि के गोल से हिसार की टीम 1-1 की बराबरी पर आ गई। इसके बाद हिसार के लिए वंशिका ने 34वें और अंकिता ने 37वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को 3-1 से आगे कर दिया। यहां से जीआईसी हरिद्वार ने संघर्ष का परिचय दिया। 38वें मिनट में करीना के दूसरे गोल से और 41वें मिनट में कप्तान रिया के गोल से स्कोर 3-3 की बराबरी पर आ गया था। लेकिन मैच एक बार फिर पलटा और हिसार की टीम ने विशाखा (43वें), अंजलि (44वें व 52वें) के गोलों से 6-3 की जीत दर्ज की। अंजलि ने टीम के लिए पहला और अंतिम दो गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की।
जीआईसी के टीम मैनेजर मनमोहन कृष्ण डबराल और कोच प्रतिमा गौतम ने अपने दूसरे मैच में मिली जीत पर खुशी जरूर जताई, लेकिन दोनों ने माना कि पहले मैच की हार से टीम का अभियान टूर्नामेंट में आगे नहीं बढ़ पाया।


वरिष्ठ पत्रकार
