November 13, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

देवभूमि महाकौथिग क्रिकेट: फाइनल में उत्तराखंड योद्धा के सामने पहाड़ी बॉयज

  • खिताबी मुकाबला 15 नवम्बर को नवाब पटौदी जामिया क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा
  • पहले सेमीफाइनल में उत्तराखण्ड योद्धा ने एस.एस.सी. बड़ेथ लायन्स को हराया
  • पहाड़ी बॉयज ने दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में यंग स्ट्राइकर को पराजित किया

राजेंद्र सजवान

देवभूमि स्पोर्ट्स महाकौथिग फाउंडेशन द्वारा आयोजित 7वें नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्तराखंड योद्धा और पहाड़ी बॉयज के बीच 15 नवम्बर को नवाब पटौदी जामिया क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। अपनी तरह के अनोखे टूर्नामेंट में उत्तराखण्ड की पहाड़ी मूल की 32 टीमों ने टूर्नामेंट में भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों ने शानदार खेल भावना, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय दिया और कई आकर्षक रिकॉर्ड बनाए। आयोजक सचिव अनिल रौथाण के अनुसार विजेता टीम को एक लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफी दी जाएगी, जिसके प्रायोजक हल्दीराम ग्रुप हैं। उपविजेता टीम को ₹51,000 की नकद राशि, दोनों सेमीफाइनलिस्ट टीमों को 51-51 सौ की पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 5,100, बेस्ट बॉलर को 3,100 तथा बेस्ट बैट्समैन को 3,100 की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इन पुरस्कारों के प्रायोजक ईशा फाउंडेशन हैं।

   अनिल रौथाण के अनुसार प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल में पहुंची चार टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तराखण्ड योद्धा और एस.एस.सी. बड़ेथ लायन्स के बीच कांटे की टक्कर हुई, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखण्ड योद्धा ने फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पहाड़ बॉयज ने यंग स्ट्राइकर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस तरह इस टी-20 टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 15 नवंबर को नवाब पटौदी जामिया क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखण्ड योद्धा और पहाड़ बॉयज के बीच निर्धारित हुआ।

   फाइनल के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में श्री मनोहर लाल अग्रवाल, (चेयरमैन, हल्दीराम ग्रुप ऑफ कंपनीज) उपस्थित रहेंगे। उनके साथ सहयोगी अतिथि के रूप में राकेश चौहान एवं जया जोशी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में ईशा फाउंडेशन से सुनील नेगी उपस्थिति दर्ज करेंगे। फाउंडेशन के कार्यकारी अध्यक्ष एवं महासचिव राजेंद्र रावत तथा दरवान रावत के मार्गदर्शन में फाउंडेशन के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा फाइनल समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

   देवभूमि स्पोर्ट्स महाकौथिग फाउंडेशन की ओर से समस्त उत्तराखण्डवासियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य खेल आयोजन का हिस्सा बनें और खिलाड़ियों एवम आयोजन समिति का उत्साहवर्धन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *