August 19, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

13वीं स्पोर्ट्स इंडिया एक्सपो एवं कॉन्फ्रेंस 2026 में दिखेगा खेल, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग और इनोवेशन का संगम

  • भारत के खेल एवं फिटनेस इकोसिस्टम का राष्ट्रीय मंच, 200+ ब्रांड और 1,000+ उत्पादों के साथ खेल क्षेत्र का बदलता स्वरूप दिखेगा
  • 20 से 22 अगस्त 2026 तक प्रगति मैदान में होने वाले इस आयोजन में आम आगंतुकों के लिए प्रवेश निःशुल्क होगा
  • खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से स्पोर्ट्स इंडिया फाउंडेशन और फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) संयुक्त रूप से इस एक्सपो एवं कॉन्फ्रेंस की मेजबानी करेंगे

संवाददाता

नई दिल्ली, 18 अगस्त 2026: भारत के तेजी से विकसित हो रहे खेल उद्योग, फिटनेस क्षेत्र, खेल शिक्षा, खेल विज्ञान, तकनीक और खेल व्यवसाय को एक व्यापक राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 13वां स्पोर्ट्स इंडिया एक्सपो एवं कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन 20 से 22 अगस्त 2026 तक प्रगति मैदान, नई दिल्ली में किया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन देश के खेल और फिटनेस क्षेत्र से जुड़े निर्माताओं, कारोबारियों, शिक्षण संस्थानों, खिलाड़ियों, कोचों, विशेषज्ञों, स्टार्ट-अप्स, युवा उद्यमियों और खेल प्रशासकों को एक मंच पर लाएगा। आयोजन में 200 से अधिक प्रतिष्ठित ब्रांड भाग ले रहे हैं और 1,000 से अधिक खेल उत्पादों, तकनीकों और सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। आम दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है, जिससे खेल प्रेमियों, छात्रों और आम नागरिकों को भारत के तेजी से विकसित हो रहे खेल इकोसिस्टम को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।

   स्पोर्ट्स इंडिया फाउंडेशन और फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) द्वारा आयोजित इस एक्सपो एवं कॉन्फ्रेंस को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार का सहयोग प्राप्त है। आयोजकों के अनुसार, स्पोर्ट्स इंडिया एक्सपो अब केवल खेल उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खेल क्षेत्र में ज्ञान, तकनीक, उद्योग, शिक्षा, अनुसंधान, नेटवर्किंग, नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने वाला व्यापक मंच बन चुका है। यहां खेल सामग्री और उपकरणों से लेकर फिटनेस, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, स्पोर्ट्स साइंस और खेल व्यवसाय से जुड़ी आधुनिक सोच एवं समाधान एक ही स्थान पर देखने को मिलेंगे।

   देश-विदेश की प्रमुख कंपनियों की भागीदारी स्पोर्ट्स इंडिया एक्सपो 2026 में देश-विदेश की प्रमुख स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग, स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियां भाग ले रही हैं। यह भागीदारी आगंतुकों को खेल उद्योग में विकसित हो रहे नए उत्पादों, आधुनिक तकनीकों, इंफ्रास्ट्रक्चर समाधानों और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को एक ही मंच पर देखने का अवसर प्रदान करेगी।

   स्पोर्ट्स इंडिया एक्सपो 2026 की मुख्य प्रायोजक भारत की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग कंपनी विनेक्स एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, मेरठ है। एक ही मंच पर दिखेगा पूरा स्पोर्ट्स और फिटनेस इकोसिस्टम स्पोर्ट्स इंडिया एक्सपो में खेल सामग्री, स्पोर्ट्सवियर, खेल जूते, खेल सहायक उपकरण, फिटनेस और जिम उपकरण, फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन उपकरण, स्पोर्ट्स फ्लोरिंग, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, स्पोर्ट्स मेडिसिन, खेल वेलनेस, गोल्फ, एडवेंचर एवं मनोरंजन गतिविधियों, मोटरस्पोर्ट्स, खेल सामग्री निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और कच्चे माल सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित की जाएंगी। इससे आगंतुकों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि आज खेल केवल मैदान और प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके साथ उद्योग, विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता का एक व्यापक तंत्र जुड़ा हुआ है।

   यह एक्सपो विशेष रूप से रिटेलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स, थोक विक्रेताओं, निर्माताओं और सप्लायर्स के लिए महत्वपूर्ण अवसर लेकर आ रहा है। यहां वे नए उत्पादों को देखने, कंपनियों से सीधे संपर्क करने, नई डीलरशिप और वितरण के अवसर तलाशने तथा अपने कारोबार के विस्तार के लिए नए साझेदारों से जुड़ने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे। इसी प्रकार स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, शारीरिक शिक्षा संस्थानों, खेल अकादमियों, फिटनेस सेंटरों, जिम, फिजियोथेरेपी संस्थानों और खेल अवसरचना से जुड़े संगठनों के लिए भी यह आयोजन नई तकनीकों और समाधानों को समझने का महत्वपूर्ण मंच होगा।

   युवाओं के लिए खेल शिक्षा, करियर और उद्यमिता के नए अवसर स्पोर्ट इंडिया एक्सपो का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य युवाओं को खेल क्षेत्र में मौजूद करियर, रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के नए अवसरों से परिचित कराना भी है। आज खेल के क्षेत्र में खिलाड़ी और कोच के अलावा स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, स्पोर्ट्स साइंस, फिटनेस, फिजियोथेरेपी, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, स्पोर्ट्स मार्केटिंग, उपकरण निर्माण, डेटा एवं प्रदर्शन विश्लेषण जैसे अनेक नए क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहे हैं। एक्सपो छात्रों और युवा प्रतिभाओं को पूरे खेल इकोसिस्टम को करीब से देखने तथा उद्योग और विशेषज्ञों से संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा।

21 अगस्त को स्पोर्ट्स इंडिया कॉन्फ्रेंस में भारत के खेल भविष्य पर होगा राष्ट्रीय विमर्श आयोजन का प्रमुख आकर्षण 21 अगस्त 2026 को होने वाली स्पोर्ट्स इंडिया कॉन्फ्रेंस होगी। कॉन्फ्रेंस में खेल विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं, खेल प्रशासकों, शिक्षाविदों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, खेल विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय खेल संस्थानों, खेल महासंघों, कोचों और खिलाड़ियों को एक मंच पर लाया जाएगा। सम्मेलन में खेल नीति, शारीरिक शिक्षा, खेल शिक्षा, खेल विज्ञान, प्रतिभा पहचान, कोचिंग, खेल चिकित्सा, फिटनेस, खेल तकनीक, खेल निर्माण, खेल प्रबंधन और विश्वविद्यालयों की भूमि का जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

   कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य केवल चर्चा तक सीमित न रहकर भारत के खेल इकोसिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञता को एक-दूसरे से जोड़ना है। बदलते समय के साथ खेलों में विज्ञान और तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने, प्रतिभाओं की पहचान करने, वैज्ञानिक प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने और खेलों को अधिक पेशेवर एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के बीच संवाद महत्वपूर्ण है।

   ओलंपिक 2036 की महत्वाकांक्षा के बीच महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच भारत के 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लक्ष्य और देश को वैश्विक खेल शक्ति के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ते प्रयासों के बीच स्पोर्ट्स इंडिया कॉन्फ्रेंस का महत्व और बढ़ जाता है। भारत को एक मजबूत खेल राष्ट्र बनाने के लिए केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्कूलों और विश्वविद्यालयों से लेकर खेल अकादमियों, खेल विज्ञान, कोचिंग, बुनियादी ढांचे, तकनीक, उद्योग और खेल प्रशासन तक पूरे इकोसिस्टम को मजबूत करना आवश्यक है। स्पोर्ट्स इंडिया कॉन्फ्रेंस इसी व्यापक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।

   आयोजकों का मानना है कि खेलों को केवल प्रतियोगिताया मनोरंजन के रूप में देखने के बजाय उन्हें स्वस्थ समाज, युवाओं के विकास, शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और देश की आर्थिक प्रगति से जोड़ना जरूरी है। इसी दृष्टिकोण के साथ यह आयोजन खेल क्षेत्र को विकसित भारत 2047 की व्यापक परिकल्पना से जोड़ने का प्रयास करेगा।

   ज्ञान, नेटवर्किंग और नई साझेदारियों के लिए व्यापक मंच स्पोर्ट्स इंडिया एक्सपो में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कारोबारियों, शिक्षाविदों और खेल क्षेत्र के पेशेवरों के बीच नए संपर्क और साझेदारियां बनने की उम्मीद है। प्रदर्शकों को अपने उत्पाद और सेवाएं संभावित खरीदारों एवं संस्थागत ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा, जबकि विजिटर्स को एक ही स्थान पर अनेक कंपनियों, उत्पादों और तकनीकों की जानकारी प्राप्त होगी। रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए नए ब्रांड और बाजार तलाशने, संस्थानों के लिए खरीद एवं साझेदारी के अवसर देखने और युवा उद्यमियों के लिए नए व्यावसायिक विचार तथा संभावित सहयोगियों से जुड़ने का अवसर उपलब्ध होगा। आयोजकों ने खेल उद्योग से जुड़े निर्माताओं, रिटेलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, खेल अकादमियों, कोचिंग संस्थानों, फिटनेस एवं वेलनेस पेशेवरों, खिलाड़ियों, कोचों, छात्रों, स्टार्ट-अप्स, निवेशकों और खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय आयोजन का हिस्सा बनें और भारत के बदलते खेल इकोसिस्टम को करीब से देखें।

  • प्रमुख आयोजन एवं विशेष गतिविधियाँ

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान फिटनेस इंडिया एक्सपो 2026, स्पोर्ट्स इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026, स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग फोरम 2026, स्पोर्ट्स इंडिया अवॉर्ड्स 2026, इंडियन कॉम्बैट लीग और प्रीस्पोर्ट्ज़ – PE Training Program जैसे प्रमुख कार्यक्रम एवं गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में खेल उद्योग, फिटनेस, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग, शिक्षा और खेल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा, बिजनेस नेटवर्किंग और नई संभावनाओं के लिए एक व्यापक मंच उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *