Mi vs Dc

दिल्ली दूर रह गयी, मुंबई रेस में आगे निकल गयी

Mumbai Indians defeat Delhi Capitals – दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मुकाबले में दिल्ली दूर रह गयी और मुंबई रेस जीतकर तालिका में नंबर एक स्थान पर पहुंच गयी। मुंबई ने क्विंटन डी कॉक (53) और सूर्यकुमार यादव (53) के शानदार अर्धशतकों से  दिल्ली को पांच विकेट से हरा दिया। 

दिल्ली ने ओपनर शिखर धवन (नाबाद 69) के शानदार अर्धशतक और कप्तान श्रेयस अय्यर के 42 रनों से चार विकेट पर 162 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया लेकिन मुंबई ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 166 रन बनाकर जीत हासिल की। डी कॉक को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। 

मुंबई की सात मैचों में यह पांचवीं जीत है जबकि दिल्ली की सात मैचों में दूसरी हार है। मुंबई की टीम इस जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गयी है। हालांकि दिल्ली और मुंबई के एक बराबर 10-10 अंक हैं लेकिन मुंबई बेहतर रन औसत के आधार पर पहले और दिल्ली दूसरे स्थान पर है। 

 दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद स्वीकार किया कि उनकी टीम कम से कम 15 रन पीछे रह गयी और यदि उनका स्कोर 180 के पास होता तो मैच का परिणाम कुछ और हो सकता था। 

शिखर ने 52 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 69 रन बनाये लेकिन टी-20 फॉर्मेट के लिहाज से उनकी पारी धीमी रही। उन्हें टीम की रन गति को तेज करना चाहिए था लेकिन वह ऐसा करने में विफल रहे। शिखर ने इस आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक बनाया। 

डी कॉक ने 36 गेंदों पर 53 रन में चार चौके और तीन छक्के लगाए जबकि सूर्य ने 32 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाये। मुंबई के सामने लक्ष्य इतना बड़ा नहीं था कि मुंबई को अंत में कोई परेशानी हो पाती। कीरोन पोलार्ड ने 11 और क्रुणाल पांड्या ने 12 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *