June 13, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

कॉलाज स्पोर्ट्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच होगा खिताबी मुकाबला

  • कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब ने पहले सेमीफाइनल में बाल भवन क्रिकेट एकेडमी (द्वारा) को 22 रनों से पराजित किया
  • दूसरे सेमीफाइनल में आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 148 रनों के विशाल अंतर  से रौंदा

संवाददाता

नई दिल्ली, 13 जून 2026: कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब और आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन ने शनिवार को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 के फाइनल में प्रवेश किया। यहां सेंट स्टीफन ग्राउंड में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब ने बाल भवन क्रिकेट एकेडमी (द्वारका) को 22 रनों से शिकस्त दी जबकि दूसरे सेमीफाइनल मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स इलेवन ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 148 रनों के विशाल अंतर से रौंद डाला।

   सेमीफाइनल मैच में कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब की जीत में स्वास्तिक चिकारा (33 गेंदों में 7 चौके, 7 छक्के, 78 रन और 14 देकर 1 विकेट) के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें डीडीसीए लीग कमेटी सदस्य अनिल पासी एवं विशाल राजदान ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार बाल भवन क्रिकेट एकेडमी (द्वारका) के कार्तिक सिद्धू (23 रन देकर 1 विकेट और 26 गेंदों में 2 चौके, 6 छक्के, 57 रन) को गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (पंजीकृत) के निदेशक अरविन मेहता एवं अग्नेश सूर्य ने प्रदान किया।

   इस मुकाबले में बाल भवन क्रिकेट एकेडमी के कप्तान यजस शर्मा ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। लिहाजा, कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 17 ओवर में आठ विकेट पर 208 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से ओपनर स्वास्तिक चिकारा (33 गेंदों में 7 चौके, 7 छक्के, 78 रन) अर्धशतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि ललित यादव (20 गेंदों में 3 चौके व 3 छक्के, 44 रन) ने ताबड़तोड़ पारी खेली। बाल भवन क्रिकेट एकेडमी के लिए मंयक रावत (21 रन देकर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। अर्जुन रपरिया (55 रन देकर 2 विकेट) ने दो विकेट चटकाए। कार्तिक सिद्धू और कीर्ति कौशिक को एक-एक विकेट मिला।

   जवाब में 209 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाल भवन क्रिकेट एकेडमी की टीम तमाम संघर्ष के बावजूद निर्धारित 17 ओवरों में आठ विकेट पर 186 रन ही बना पाई और मैच 22 रनों से हार गई। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे कार्तिक सिद्धू (23 रन देकर 1 विकेट और 26 गेंदों में 2 चौके, 6 छक्के, 57 रन) टॉप स्कोरर रहे। अर्जुन रापड़िया 42 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि कप्तान यजस शर्मा ने 29 रन का योगदान दिया। कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब की ओर से गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। उसके लिए अजित (20 रन देकर 4 विकेट) चार विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे।  उनके अलावा सुमित कुमार, स्वास्तिक चिकारा, रजनीश दादर और अरुण चपराना ने एक-एक विकेट हासिल किया।

   दूसरे सेमीफाइनल मैच में आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन की जीत में हिम्मत सिंह (37 गेंदों में 5 चौके, 15 छक्के, 125 रन) के शानदर शतक का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के अध्यक्ष वी. पी. सरीन, डीडीसीए के डायरेक्टर विकास कट्याल एवं आउटर दिल्ली वॉरियर्स के सीईओ चंद्रशेखर ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार ईस्ट दिल्ली राइडर्स के जसमीत नैन (8 गेंदों में 1 चौका व 4 छक्के, 31 रन) को मिला।

   मैच में ईस्ट दिल्ली राइडर्स के कप्तान रोहन राठी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लिहाजा, आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 5 विकेट पर 292 रनों का  विशाल स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से मैन ऑफ द मैच रहे हिम्मत सिंह (37 गेंदों में 5 चौके, 15 छक्के, 125 रन) ताबड़तोड़ शतक लगाकर टॉप स्कोरर रहे। ओपनर सार्थक रंजन (25 गेंदों में 6 चौके, 5 छक्के, 65 रन) ने अर्धशतक जड़ा। तेजस्वी ने 44 और अक्षय सैनी ने 26 रनों का योगदान किया। ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से लवनीश चंदेल (53 रन देकर 2 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। मनी ग्रेवाल, सिमरजीत सिंह और अजय यादव ने एक-एक विकेट हासिल किया।

   जवाब में, 293 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम 11.2 ओवरों में 144 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मुकाबला 148 रनों के विशाल अंतर से मात खा बैठी। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे जसमीत नैन (8 गेंदों में 1 चौका व 4 छक्के, 31 रन) टॉप स्कोरर रहे। ओपनर सुजल सिंह ने 26 रन बनाए, जबकि सुपर सब वैभव बैसा ने 26 और अजय यादव ने नाबाद 24 रनों का योगदान दिया। आउटर दिल्ली वॉरियर्स के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उसकी ओर से प्रथम सलूजा (21 रन देकर 3 विकेट) तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। कप्तान सिद्धांत शर्मा (12 रन देकर 2 विकेट), अमन चौधरी (33 रन देकर 2 विकेट) और शिवम शर्मा (14 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए। शौर्य मलिक को एक विकेट मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *