कॉलाज स्पोर्ट्स और ईस्ट दिल्ली राइडर्स सेमीफाइनल में पहुंचे
- कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब ने तीसरे क्वार्टर फाइनल में रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से पराजित किया
- चौथे क्वार्टर फाइनल में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने दिल्ली वॉन्डर्स क्लब को 2 विकेट से हराया
संवाददाता
नई दिल्ली, 12 जून 2026: कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब और ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने शुक्रवार को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यहां सेंट स्टीफन ग्राउंड में खेले गए तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब ने रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब को 102 रनों से करारी शिकस्त दी जबकि दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने दिल्ली वॉन्डर्स क्लब को 2 विकेट से पराजित किया।
तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब की जीत में अरुण चपराना (20 रन देकर 4 विकेट) के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के सदस्य शुभ शर्मा और डीडीसीए निदेशक विकास कट्याल ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब के कप्तान जयंत खोरवाल (40 रन देकर 3 विकेट) को मिला।

इस मुकाबले में रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब के कप्तान अंकित भड़ाना ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। लिहाजा, कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 214 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से कप्तान समर्थ सेठ (49 गेंदों में 10 चौके, 1 छक्के, 72 रन) अर्धशतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि उनके साथी ओपनर स्वास्तिक चिकारा (17 गेंदों में 48 रन) ने ताबड़तोड़ पारी खेली। सिद्धांत जून ने 29 रनों का योगदान किया। रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब के लिए कप्तान जयंत खोरवाल (40 रन देकर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। मंयक गुसाई, लक्ष्मण, देव कश्यप और विवान जिंदल को एक-एक विकेट मिला।

जवाब में 215 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब की टीम अरुण चपराना (20 रन देकर 4 विकेट) की गेंदबाजी के आगे लड़खड़ा गई और 15.5 ओवरों में 112 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मैच 102 रनों से हार गई। उसकी ओर से सूर्यवीर सिंह (27 गेंदों में 4 चौके, 28 रन) टॉप स्कोरर रहे। विशाल अभुआ ने 25 रन और अयुश दोसेज ने 22 रनों का योगदान किया। कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब के लिए अरुण चपराना (20 रन देकर 4 विकेट) चार विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे और मैन ऑफ द मैच रहे। तेजस बरोका (20 रन देकर 2 विकेट) ने दो विकेट हासिल किए। रजनीश धर, दीपक पुनिया, अजित (भोलू) और मनीष सहरावत ने एक-एक विकेट लिया।
चौथे क्वार्टर फाइनल मैच में ईस्ट दिल्ली राइडर्स की जीत में ओपनर वंश मेहरा (27 गेंदों में 5 चौके, 9 छक्के, 80 रन) के ऑलराउंड प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के कोषाध्यक्ष मुकुल शर्मा एवं सदस्य मनीष सहगल ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिल्ली वॉन्डर्स क्लब के ओपनर प्रियांशु पांडेय (62 गेंदों में 11 चौके व 11 छक्के, 136 रन) को मिला।

मैच में दिल्ली वॉन्डर्स क्लब के कप्तान हर्ष त्यागी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 263 रन विशाल स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे ओपनर प्रियांशु पांडेय (62 गेंदों में 11 चौके व 11 छक्के, 136 रन) शतक लगाकर टॉप स्कोरर रहे। उनके साथी ओपनर सार्थक गगन वत्स (32 गेंदों में 7 चौके, 3 छक्के, 59 रन) ने अर्धशतक जड़ा। कप्तान हर्ष त्यागी ने 33 रनों का योगदान किया। ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से लवनीश चंदेल और जस्मीत नैन ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जवाब में, 266 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19.5 ओवरों में 8 विकेट खोकर 266 रन बनाकर मुकाबला दो विकेट से अपने नाम कर लिया। उसकी ओर से ओपनर वंश मेहरा (27 गेंदों में 5 चौके, 9 छक्के, 80 रन) अर्धशतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे। उनके साथी ओपनर सुजल सिंह (43 गेंदों में 10 चौके, 3 छक्के, 78 रन) ने भी अर्धशतक जड़ा। इन दोनों ओपनरों ने पहले विकेट के लिए आठ विकेट में 117 रन जोड़ डाले। अंत में अजय यादव केवल 10 गेंदों में दो चौकों व चार छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर टीम को जीत दिलाकर अविजित लौटे। दिल्ली वॉन्डर्स क्लब की ओर से प्रशांत कुमार भाटी (46 रन देकर 3 विकेट) तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। कप्तान हर्ष त्यागी (39 रन देकर 2 विकेट) ने दो विकेट हासिल किए। बॉबी यादव, दक्ष चंदेल और सत्यम पांडे को एक-एक विकेट मिला।


वरिष्ठ पत्रकार
