डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में दिल्ली पुलिस और यंगस्टर्स जीते
- दिल्ली पुलिस ने हॉप्स एससी को 3-2 से पराजित किया
- यंगस्टर्स एफसी ने सिटी एफसी को 1-0 से हराया
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस और यंगस्टर्स एफसी ने डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में अपने मुकाबले जीतकर पूरे तीन अंक बटोरे। बुधवार को पूर्वी दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में दिल्ली पुलिस ने हॉप्स एसजी को 3-2 से पराजित किया जबकि यंगस्टर्स एफसी ने सिटी एफसी को 1-0 से हराया। दिल्ली पुलिस की जीत में फॉरवर्ड लालजारमाविआ ने दो और डिफेंडर लालनुनमाविआ ने एक गोल किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में यंगस्टर्स एफसी को मिडफील्डर टॉमी सोनखोआओ के एकमात्र गोल से जीत मिली।

दिन के पहले मुकाबले में दिल्ली पुलिस को हॉप्स एफसी पर 3-2 से जीत हासिल करने के लिए पसीना बहाना पड़ा। इस मैच में फॉरवर्ड लालजारमाविआ ने 36वें व 41वें मिनट में दो गोल करके दिल्ली पुलिस को 2-0 से आगे कर दिया। मध्यांतर से ठीक पहले स्टॉपेज टाइम के दौरान 45+2वें मिनट में हॉप्स के डिफेंडर खुशवंत ने पेनल्टी किक के जरिये अपना पहला गोल करके अंतर 1-2 कर दिया। इस कारण दिल्ली पुलिस एक गोल की बढ़त के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गई। मध्यांतर के बाद डिफेंडर लालनुनमाविआ ने 68वें मिनट में गोल करके अपनी टीम की बढ़त 3-1 कर दी। लेकिन मैच समाप्ति से ठीक पहले स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+6वें मिनट में हॉप्स के डिफेंडर खुशवंत ने पेनल्टी किक के जरिये अपना दूसरा गोल करके अंतर 2-3 कर दिया। लिहाजा, रैफरी मोहम्मद फजल की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक दिल्ली पुलिस की बढ़त बनी रही।

दिन के दूसरे मुकाबले में यंगस्टर्स एफसी ने सिटी एफसी को 1-0 से शिकस्त दी। मैच का पहला हाफ गोलरहित रहा, क्योंकि इस दौरान दोनों टीमें गोल करने में विफल रहीं। मध्यांतर के बाद मिडफील्डर टॉमी सोनखोआओ ने 87वें मिनट में इस मैच का एकमात्र गोल दागा। इस गोल से यंगस्टर्स एफसी ने रैफरी अली मोहम्मद की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक 1-0 की अपनी बढ़त को बनाए रखा और जीत हासिल की।


वरिष्ठ पत्रकार
