May 23, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में पुरानी दिग्गज शिमला यंग्स फिर पिटी

  • शिमला यंग्स एफसी को गुडविल एफसी ने 3-0 से पराजित किया
  • कॉन्साइंट फुटबॉल ने दिल्ली टाइगर्स एफसी को 4-2 से हराया

संवाददाता

नई दिल्ली। पुरानी दिग्गज शिमला यंग्स डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में फिर पिटी। उसे गुडविल एफसी एफसी ने 3-0 से मात दी जबकि कॉन्साइंट फुटबॉल ने अपना मुकाबला जीतकर पूरे तीन अंक बटोरे। गुरुवार को पूर्वी दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में कॉन्साइंट फुटबॉल ने दिल्ली टाइगर्स एफसी को 4-2 से पराजित किया। कॉन्साइंट फुटबॉल की जीत में फॉरवर्ड वैभव पंचाल, डिफेंडर उत्कृष्ट कुमरा, फॉरवर्ड अर्णव चंद्र तमांग और मिडफील्डर अक्षत तनेजा ने एक-एक गोल किए। इससे पहले सुबह खेले गए मुकाबले में शिमला यंग्स एफसी को पराजित करने के लिए गुडविल एफसी के फॉरवर्ड शाहमीर मिर्जा, मिडफील्डर हिमांशु सेमवाल और डिफेंडर अर्जुन वीर सिंह ने गोल किए। 

   दिन का पहला मुकाबला कुछ तकनीकी कारणों से ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की बजाय डॉ. बीआर अम्बेडकर स्टेडियम में खेला गया। लेकिन मैदान बदलने के बावजूद दिल्ली की पुराने चैंपियन रहे शिमला यंग्स की हार का सिलसिला जारी रहा। शिमला यंग्स को गुडविल एफसी ने 3-0 से मात दी। इस मैच में फॉरवर्ड शाहमीर मिर्जा ने 9वें मिनट में गोल करके गुडविल को शुरुआत बढ़त दिला दी। इस कारण गुडविल एफसी एक गोल की बढ़त के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गई। लेकिन मध्यांतर के बाद मिडफील्डर हिमांशु सेमवाल ने 89वें और डिफेंडर अर्जुन वीर सिंह ने 90+1वें मिनट में गोल करके गुडविल की बढ़त को 3-0 कर दिया। रैफरी पंकज सिंह की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक गुडविल एफसी की बढ़त बनी रही। 

   दिन के दूसरे मुकाबले में कॉन्साइंट फुटबॉल ने दिल्ली टाइगर्स एफसी को 4-2 से शिकस्त दी। इस मैच में फॉरवर्ड वैभव पंचाल ने 10वें और डिफेंडर उत्कृष्ट कुमरा ने 16वें मिनट में गोल करके कॉन्साइंट फुटबॉल को 2-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई। लेकिन दिल्ली टाइगर्स ने फॉरवर्ड माल्सव्मकिमा के 20वें और अभिजीत डोलोई के 34वें मिनट के गोल से कॉन्साइंट फुटबॉल को करारा जवाब दिया और 2-2 की बराबरी कर ली। लिहाजा दोनों टीमें बराबरी की टक्कर के बाद हाफ टाइम ब्रेक पर गईं। मध्यांतर के बाद फॉरवर्ड अर्णव चंद्र तमांग ने 63वें और मिडफील्डर अक्षत तनेजा ने 67वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को 4-2 से आगे कर दिया। कॉन्साइंट फुटबॉल ने रैफरी तनजीर हसन की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक 4-2 की अपनी बढ़त को बनाए रखा और जीत हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *