July 26, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

डीएसए की असाधारण आम सभा में संशोधित संविधान स्वीकृत एवं अंगीकृत; चुनाव 30 अगस्त को

राजेंद्र सजवान

दिल्ली सॉकर एसोसिएशन (डीएसए) की असाधारण आम सभा ने संशोधित संविधान को स्वीकृत और अंगीकृत कर लिया है। इसके साथ ही यह घोषणा भी कर दी गई है कि चुनाव 30 अगस्त 2026 को वरिष्ठ सदस्यों (70 साल से ऊपर) हेम चंद, धर्म वीर और नागेंद्र सिंह की कॉर्डिनेशन कमिटी की देखरेख में होंगे। डीएसए की असाधारण आम सभा (ईजीएम) 26 जुलाई 2026 को आईटीओ स्थित हिंदी भवन में आयोजित की गई, जिसमें अधिकतर क्लब इकाइयों ने भाग लिया। बैठक का आयोजन एनएसजी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों के अनुरूप डीएसए के संविधान में संशोधन करने तथा उसे अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के नियमों और आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के उद्देश्य से किया गया। बैठक के एजेंडे में आगामी चुनावों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति भी शामिल थी।

   दिल्ली ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष परमजीत सिंह ने बैठक में स्वतंत्र पर्यवेक्षक (थर्ड-पार्टी ऑब्जर्वर) के रूप में भाग लिया। सदन के सदस्यों ने संविधान समीक्षा समिति द्वारा तैयार किए गए संशोधित संविधान के मसौदे पर अनुच्छेद-दर-अनुच्छेद विस्तृत चर्चा की। चेयरमैन मेहरा, सुशांत देव और लियाक़त अली की एडहॉक कमेटी और वरिष्ठ सदस्यों द्वारा दिए गए विभिन्न सुझावों और टिप्पणियों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। विस्तृत विचार-विमर्श और सदन की सर्वसम्मति के बाद अंतिम मसौदे को डीएसए के संशोधित संविधान के रूप में स्वीकृत एवं अंगीकृत कर लिया गया।

   एडहॉक समिति ने सदन से अनुरोध किया कि आगामी चुनाव प्रक्रिया के दौरान चुनाव पैनल के साथ समन्वय स्थापित करने और आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए तीन सदस्यीय स्वतंत्र पैनल का गठन किया जाए। इससे पहले 12 जुलाई 2026 को आयोजित ईजीएम में घोषित कार्यक्रम के अनुसार डीएसए के चुनाव 30 अगस्त 2026 को आयोजित किए जाएंगे। सदन से यह भी अनुरोध किया गया कि निर्वाचित कार्यकारिणी के कार्यभार संभालने तक डीएसए की खेल गतिविधियों के संचालन और निगरानी के लिए तीन सदस्यीय अस्थायी प्रतियोगिता समिति (टेम्पररी कम्पटीशन कमेटी) का गठन किया जाए। बैठक में लिए गए निर्णयों तथा डीएसए के अंगीकृत संशोधित संविधान के अनुरूप सभी आवश्यक नियुक्तियां और समितियां अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *