June 12, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

दिल्ली वॉन्डर्स और जेमिनी सीसी जीते

  • दिल्ली वॉन्डर्स क्लब ने दिल्ली क्रिकेट हब को 6 विकेट से पराजित किया
  • दूसरे मैच में जेमिनी क्रिकेट क्लब ने खुशाल कोचिंग सेंटर को 40 रन से हराया

संवाददाता

नई दिल्ली, 10 जून 2026: दिल्ली वॉन्डर्स क्लब और जेमिनी सीसी ने बुधवार को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 में अपने मुकाबले जीते। यहां सेंट स्टीफन ग्राउंड में खेले गए दिन के पहले मुकाबले में दिल्ली वॉन्डर्स क्लब ने दिल्ली क्रिकेट हब को 6 विकेट से शिकस्त दी जबकि दूसरे मैच में जेमिनी क्रिकेट क्लब ने खुशाल कोचिंग सेंटर को 40 रनों से पराजित किया।

   पूल ‘डी’ लीग मैच में दिल्ली वॉन्डर्स क्लब की जीत में संस्कार रावत (53 गेंदों में 6 चौके, 8 छक्के, 74 रन) के अर्धशतक का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के अध्यक्ष वी. पी. सरीन एवं आयोजन सचिव मनीष सहगल ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिल्ली क्रिकेट हब के ओपनर लक्ष नारंग (34 गेंदों में 4 चौके, 7 छक्के, 73 रन) को मिला।

   इस मुकाबले में दिल्ली वॉन्डर्स क्लब के कप्तान हर्ष त्यागी ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। लिहाजा, दिल्ली क्रिकेट हब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में 224 रनों का स्कोर खड़ा करके ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से ओपनर लक्ष नारंग (34 गेंदों में 4 चौके, 7 छक्के, 73 रन) अर्धशतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि विनीत धनकड़ (17 गेंदों में 49 रन) ने ताबड़तोड़ पारी खेली। ओपनर हितेन दलाल ने 23, कप्तान हरीश डागर 21 और साईअंश वोहरा ने 20 रनों का योगदान किया। दिल्ली वॉन्डर्स क्लब के लिए बॉबी यादव (31 रन देकर 3 विकेट) और कप्तान हर्ष त्यागी (50 रन देकर 3 विकेट) और यश डबास (49 रन देकर 2 विकेट) ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। वरुण और माज को दो-दो विकेट मिले।

   जवाब में 225 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली वॉन्डर्स क्लब ने दबदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 19.3 ओवरों में चार विकेट खोकर 226 रन बनाकर मैच छह विकेट से जीत लिया। उसकी ओर से संस्कार रावत (53 गेंदों में 6 चौके, 8 छक्के, 74 रन) टॉप स्कोरर रहे। मोहम्मद कैफ (37 गेंदों में 6 चौके, 1 छक्का, नाबाद 56 रन) ने नाबाद अर्धशतक जमाया। अबीर सुदन ने 26 और कप्तान हर्ष त्यागी ने नाबाद 18 रनों का योगदान किया। दिल्ली क्रिकेट हब के लिए साईअंश वोहरा, अंशुमान हुडा, भगवान सिंह और सुभाष यादव ने एक-एक विकेट लिया।

   पूल ‘ए’ लीग मैच में जेमिनी क्रिकेट क्लब की जीत में आशुतोष अग्रवाल (21 गेंदों में 2 चौके, 4 छक्के, 42 रन और 20 रन देकर 5 विकेट) के ऑलराउंड प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के अध्यक्ष वी. पी. सरीन एवं टूर्नामेंट सचिव तरविंदर खन्ना ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का खुशाल कोचिंग सेंटर के राघव अग्रवाल (28 गेंदों में 5 चौके व 4 छक्के, 57 रन) को मिला।

   मैच में खुशाल क्रिकेट क्लब के कप्तान विकास सोलंकी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लिहाजा, जेमिनी क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 231 रन चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से कप्तान सिद्धार्थ सिंह बेनीवाल (42 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्के, 75 रन) अर्धशतक लगाकर टॉप स्कोरर रहे। उनके अलावा ओपनर आशुतोष अग्रवाल ने 42, अद्वितिय पोपली ने 40, समर्थ सिंह ने 26 और प्रताप बसिस्ट ने 25 रनों का योगदान किया। खुशाल क्रिकेट क्लब की ओर से प्रभजोत सिंह (44 रन देकर 2 विकेट) और समर कोहर (50 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए। कप्तान विकास सोलंकी को एक विकेट मिला।

   जवाब में, 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुशाल क्रिकेट क्लब की टीम आशुतोष अग्रवाल (20 रन देकर 5 विकेट) की घातक गेंदबाजी के आगे निर्धारित 20 ओवर में 191 रन ही बना ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे राघव अग्रवाल (28 गेंदों में 5 चौके व 4 छक्के, 57 रन) अर्धशतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे। उनके साथी सार्थक ने 45, जस्करण सिंह ने 36 और रोहन ने 20 रनों का योगदान किया। जेमिनी क्रिकेट क्लब की ओर से आशुतोष के अलावा आदित्य श्री और सौरभ राय ने दो-दो विकेट हासिल किए और अर्जुन रेक्सवाल को एक विकेट मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *