बमुश्किल जीते एलबी शास्त्री और आउटर दिल्ली वारियर्स
- एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर ने तिलक नगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब को 6 रन से पराजित किया
- दूसरे मैच में आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन ने बाल भवन द्वारका क्रिकेट एकेडमी को 7 रन से हराया
संवाददाता
नई दिल्ली, 9 जून 2026: एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर और आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन ने मंगलवार को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 में अपने मुकाबले जीते। यहां सेंट स्टीफन ग्राउंड में खेले गए दिन के पहले मुकाबले में एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर ने तिलक नगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब को 6 रनों के नजदीकी अंतर से शिकस्त दी जबकि दूसरे मैच में आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन ने बाल भवन द्वारका क्रिकेट एकेडमी को 7 रनों से पराजित किया।
पूल ‘बी’ लीग मैच में एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर की जीत में सोम्बीर श्योकंद (28 गेंदों में 4 चौके, 7 छक्के, नाबाद 74 रन और 35 रन देकर एक विकेट) के ताबड़तोड़ अर्धशतक का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के निदेशक अजय शर्मा एवं सहायक टूर्नामेंट सचिव अमित कुमार ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार तिलक नगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब के यश डबास (49 रन देकर 2 विकेट और 42 गेंदों में 10 चौके, 5 छक्के, 88 रन) को मिला।

इस मुकाबले में तिलक नगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब के कप्तान गौरव सभरवाल ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। लिहाजा, एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 224 रनों का स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से सोम्बीर श्योकंद (28 गेंदों में 4 चौके, 7 छक्के, नाबाद 74 रन) तूफानी अर्धशतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि ओपनर आर्यन सेजवान (37 गेंदों में 6 चौके, 1 छक्के, 50 रन) ने भी अर्धशतक ठोका। मंयक ने 29, कौशल सुमन 25 और केशव आर. सिंह ने 22 रनों का योगदान किया। तिलक नगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब के लिए सिद्धांत बंसल (45 रन देकर 2 विकेट) और यश डबास (49 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए। अथर्व गुप्ता को एक विकेट मिला।

जवाब में 225 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी तिलक नगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब ने संघर्ष किया लेकिन 19.5 ओवरों में 218 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे यश डबास (42 गेंदों में 10 चौके, 5 छक्के, 88 रन) टॉप स्कोरर रहे। करण जावेरी ने 37 और आर्यन कपूर ने 26 रनों का योगदान किया। एल. बी. शास्त्री कोचिंग सेंटर के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। विपिन अधिकारी (38 रन देकर 3 विकेट) और विवेक तिवारी (45 रन देकर 3 विकेट) ने तीन-तीन विकेट चटकाए। रोहित गोयत (34 रन देकर 2 विकेट) को दो और सोम्बीर श्योकंद (35 रन देकर एक विकेट) को एक सफलता मिली।
पूल ‘सी’ लीग मैच में आउटर दिल्ली वारियर्स क्रिकेट क्लब की जीत में ओपनर अनमोल शर्मा (49 गेंदों में 11 चौके और 8 छक्के, 116 रन) के शानदार प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के सचिव विकास कट्याल (डीडीसीए डायरेक्टर) एवं कार्तिक शर्मा ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का बाल भवन द्वारका क्रिकेट एकेडमी के कप्तान यजस शर्मा (49 रन देकर 3 विकेट और 36 गेंदों में 8 चौके व 10 छक्के, 106 रन) को मिला।

मैच में आउटर दिल्ली वारियर्स क्रिकेट क्लब के कप्तान सिद्धार्थ शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 264 रन चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से ओपनर अनमोल शर्मा (49 गेंदों में 11 चौके और 8 छक्के, 116 रन) शतक लगाकर टॉप स्कोरर रहे। उनके अलावा तेजस दहिया (24 गेंदों में 8 चौके, 4 छक्के, 65 रन) ने अर्धशतक जमाया। सार्थक रंजन ने 22 और परीक्षित ने नाबाद 21 रनों का योगदान किया। बाल भवन द्वारका क्रिकेट एकेडमी की ओर से कप्तान यजस शर्मा (49 रन देकर 3 विकेट) तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। राहुल यादव (33 रन देकर 2 विकेट) ने दो हासिल किए।, कृतिक कौशिक, दिवजोत सिंह और अंकित जिंधेर को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में, 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाल भवन द्वारका क्रिकेट एकेडमी की टीम तमाम संघर्ष के बावजूद निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 257 रन ही बना पाई। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे कप्तान यजस शर्मा (36 गेंदों में 8 चौके व 10 छक्के, 106 रन) शतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे। उनके साथी ओपनर यश भाटिया ने 41, मोहक कुमार ने 32 और करन गर्ग ने 25 रनों का योगदान किया। आउटर दिल्ली वारियर्स क्रिकेट क्लब की ओर से अमन चौधरी (44 रन देकर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। कप्तान सिद्धार्थ शर्मा (42 रन देकर 2 विकेट) को दो विकेट मिले। शौर्य मलिक, शिवम शर्मा और शुभम सैनी ने एक-एक विकेट हासिल किया।


वरिष्ठ पत्रकार
