बाल भवन एकेडमी और आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन सेमीफाइनल में
- बाल भवन एकेडमी (द्वारका) ने पहले क्वार्टर फाइनल में एक्सेस फार्म्स क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से पराजित किया
- दूसरे क्वार्टर फाइनल में आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन ने एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर को 31 रन से हराया
संवाददाता
नई दिल्ली, 11 जून 2026: बाल भवन क्रिकेट एकेडमी (द्वारका) और आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन ने गुरुवार को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यहां सेंट स्टीफन ग्राउंड में खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बाल भवन क्रिकेट एकेडमी (द्वारका) ने एसेक्स फार्म क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से शिकस्त दी जबकि दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन ने एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर को 31 रनों से पराजित किया।

पहले क्वार्टर फाइनल मैच में बाल भवन क्रिकेट एकेडमी (द्वारका) की जीत में मयंक रावत (47 रन देकर 2 विकेट और 29 गेंदों में 4 चौके, 8 छक्के, 72 रन) के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के अध्यक्ष वी. पी. सरीन एवं डीडीसीए निदेशक श्री विकास कट्याल ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार एसेक्स फार्म क्रिकेट क्लब के कप्तान कृष यादव (58 गेंदों में 12 चौके, 8 छक्के, नाबाद 127 रन) को मिला।
इस मुकाबले में बाल भवन क्रिकेट एकेडमी (द्वारका) के कप्तान यजस शर्मा ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। लिहाजा, एसेक्स फार्म क्रिकेट क्लब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 237 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से कप्तान कृष यादव (58 गेंदों में 12 चौके, 8 छक्के, नाबाद 127 रन) शतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि ओपनर अंकित कुमार (17 गेंदों में 38 रन) ने ताबड़तोड़ पारी खेली। सूर्यांश रैना ने 23 रनों का योगदान किया। बाल भवन द्वारका के लिए कार्तिक सिद्धू (35 रन देकर 2 विकेट) और मंयक रावत (47 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए। राहुल गहलोत, अर्जुन रपरिया और सामंत जाखड़ को एक-एक विकेट मिला।

जवाब में 238 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाल भवन द्वारका ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 16.2 ओवरों में चार विकेट खोकर 239 रन बनाकर मैच छह विकेट से जीत लिया। उसकी ओर से ओपनर यश धुल (36 गेंदों में 6 चौके, 8 छक्के, 85 रन) टॉप स्कोरर रहे। मयंक रावत (29 गेंदों में 4 चौके, 8 छक्के, 72 रन) ने अर्धशतक जमाया। कप्तान यजस शर्मा ने 38 रनों का योगदान किया। एसेक्स फार्म क्रिकेट क्लब के लिए अजय (43 रन देकर 2 विकेट) दो विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। आशीष मीणा और रौनक ने एक-एक विकेट लिया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन की जीत में अनमोल शर्मा (42 गेंदों में 7 चौके, 11 छक्के, 110 रन और 13 रन देकर 2 विकेट) के ऑलराउंड प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के महासचिव विशाल कट्याल, सहायक टूर्नामेंट सचिव जतिन कुमार एवं आर्यन सहगल ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर के नमन तिवारी (36 गेंदों में 10 चौके व 7 छक्के, 95 रन) को मिला।

मैच में आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन के कप्तान सिद्धांत शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 320 रन विशाल स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से ओपनर अनमोल शर्मा (42 गेंदों में 7 चौके, 11 छक्के, 110 रन) शतक लगाकर टॉप स्कोरर रहे। उनके साथी ओपनर सार्थक रंजन (28 गेंदों में 8 चौके, 5 छक्के, 70 रन) और तेजस्वी धनिया (31 गेंदों में 4 चौके, 8 छक्के, 78 रन) ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़े। , हिम्मत सिंह ने 36 रनों का योगदान किया। एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर की ओर से विपिन अधिकारी (44 रन देकर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। रोहित गोयत और सोम्बीर श्योकंद को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में, 321 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलबी शास्त्री कोचिंग सेंटर की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया लेकिन शुरुआती झटके लगाने और उसके बाद नियमित अंतराल में विकेट गिरने के कारण निर्धारित 20 ओवर में 289 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे नमन तिवारी (36 गेंदों में 10 चौके व 7 छक्के, 95 रन) अर्धशतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे। सोम्बीर श्योकंद (17 गेंदों में 1 चौके व 8 छक्के, 58 रन) ने भी अर्धशतक लगाया। ओपनर केशव सिंह ने 36 और कौशल सुमन ने 33 रनों का योगदान किया। आउटर दिल्ली वारियर्स इलेवन के गेंदबाजों ने भी महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट चटकाकर टीम की जीत सुनिश्चित की। कप्तान सिद्धांत शर्मा (49 रन देकर 2 विकेट), शौर्य मलिक (57 रन देकर 2 विकेट), कमल सिंह (53 रन देकर 2 विकेट), अमन चौधरी (60 रन देकर 2 विकेट) और अनमोल शर्मा (13 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए।


वरिष्ठ पत्रकार
