मद्रास क्रिकेट क्लब फाइनल में
- मद्रास क्रिकेट क्लब ने यंग फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब को 181 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया
- अनमोल डबास (87 गेंदों में 14 चौके व 3 छक्के, 127 रन और 2 रन देकर 1 विकेट) को शानदार प्रदर्शन के लिए किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड मिला
संवाददाता
नई दिल्ली। मद्रास क्रिकेट क्लब ने 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जीत हासिल करके फाइनल में जगह बनाई। गुरुवार को श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ग्राउंड में खेले गए सेमीफाइनल मैच में मद्रास क्रिकेट क्लब ने यंग फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब को 181 रनों से हरा दिया। मद्रास क्रिकेट क्लब के अनमोल डबास (87 गेंदों में 14 चौके व 3 छक्के, 127 रन और 2 रन देकर 1 विकेट) को शानदार प्रदर्शन के लिए जीजीडीएमसीटी के टूर्नामेंट सचिव बलदेव अरोड़ा और बीसीसीआई अंपायर अभिरूप सूद ने किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड प्रदान किया, जबकि स्पोर्ट्ससन फाइटर ऑफ द मैच का अवार्ड यंग फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब के तनुज पंवार (44 रन देकर तीन विकेट और 34 गेंदों में 8 चौके व 2 छक्का, 56 रन) को मिला।

मद्रास क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीता और बैटिंग करने का फैसला लिया। मद्रास क्रिकेट क्लब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवरों में नौ विकेट पर 326 रन बनाकर चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसके लिए अनमोल डबास (87 गेंदों में 14 चौके व 3 छक्के, 127 रन) शतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि सुजल राजीव सिंह (47 गेंदों में 55 रन) ने अर्धशतक ठोका। यंग फ्रेंड्स सीसी की ओर से तनुज पंवार (44 रन देकर तीन विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके अलावा नितिन बिष्ट (43 रन देकर 2 विकेट) और पियश चिकारा (69 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए। पार्थ कुमार बाली और दीप ठाकुर को एक-एक विकेट मिला।

जवाब में, यंग फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब की टीम 20.4 ओवरों में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उसकी तरफ से तनुज पंवार (34 गेंदों में 8 चौके व 2 छक्का, 56 रन) टॉप स्कोर रहे जबकि नवीन कुमार ने 36 रनों का योगदान किया। मद्रास क्रिकेट क्लब की ओर से रेहान सिंह (26 रन देकर 5 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। परीक्षित (22 रन देकर 2 विकेट) को दो विकेट मिले। रोहित गोयत, राहुल आर. चौधरी और अनमोल डबास ने एक-एक विकेट लिया।


वरिष्ठ पत्रकार
