सहगल क्रिकेट क्लब फाइनल में, मद्रास सीसी से होगी खिताबी भिड़ंत
- सहगल क्रिकेट क्लब ने यॉर्क्स क्रिकेट क्लब को 1 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया
- हिम्मत सिंह (110 गेंदों में 14 चौके व 11 छक्के, 175 रन) को शतक प्रदर्शन के लिए किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड मिला
संवाददाता
नई दिल्ली। सहगल क्रिकेट क्लब ने 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जीत हासिल करके फाइनल में जगह बनाई, जहां खिताब के लिए उसका मुकाबला रविवार को मद्रास क्रिकेट क्लब से होगा। शुक्रवार को श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ग्राउंड में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में सहगल क्रिकेट क्लब ने यॉर्क्स क्रिकेट क्लब को 1 विकेट से हरा दिया। यॉर्क्स क्रिकेट क्लब के हिम्मत सिंह (110 गेंदों में 14 चौके व 11 छक्के, 175 रन) को शानदार प्रदर्शन के लिए एस.जी.टी.बी. खालसा कालेज के उप-प्रधानाचार्य प्रोफेसर स. हरबन्स सिंह और विशिष्ठ अतिथि व अरबी अध्ययन विभाग (दिल्ली विश्वविद्यालय) के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर हसन ने किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड प्रदान किया, जबकि स्पोर्ट्ससन फाइटर ऑफ द मैच का अवार्ड सहगल क्रिकेट क्लब के सुमित कुमार (65 गेंदों में 12 चौके व 3 छक्का, 101 रन) को मिला।

सहगल क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीता और फील्डिंग करने का फैसला लिया। लिहाजा, यॉर्क्स क्रिकेट क्लब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 37.4 ओवरों में 320 रनों के चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने के बाद ऑलआउट हो गई। उसके लिए हिम्मत सिंह (110 गेंदों में 14 चौके व 11 छक्के, 175 रन) शतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि सिद्धांत शर्मा ने (46 गेंदों में 52 रन) ने अर्धशतक ठोका। प्रियांश आर्या ने 46 रनों का योगदान किया। सहगल सीसी की ओर से विशाल चौधरी (56 रन देकर तीन विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके अलावा प्रिंस यादव, प्रशांत कुमार भाटी, सुमित कुमार, शिवम शर्मा और सुल्तान अंसारी को एक-एक विकेट मिला।

जवाब में, सहगल क्रिकेट क्लब की टीम ने 40 ओवरों में नौ विकेट पर 321 रन बनाकर मैच एक विकेट से जीत लिया। उसकी तरफ से सहगल क्रिकेट क्लब के सुमित कुमार (65 गेंदों में 12 चौके व 3 छक्का, 101 रन) शतक बनाकर टॉप स्कोर रहे जबकि ओपनर प्रिंस यादव (67 गेंदों में 85 रन) और शिवम शर्मा (38 गेंदों में 58 रन) ने अर्धशतक जमाए। यॉर्क्स क्रिकेट क्लब की ओर से मोनू शुक्ला (49 रन देकर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। कुणाल शर्मा (62 रन देकर 2 विकेट), केशव डबास (75 रन देकर 2 विकेट) और सिद्धांत शर्मा (79 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए।


वरिष्ठ पत्रकार
