डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में एमेटी इंडियन नेशनल एफसी जीता
- एमेटी इंडियन नेशनल एफसी ने ईमी हीरोज फुटबॉल क्लब को 3-2 से पराजित किया
- पश्चिम हीरोज फुटबॉल क्लब और बंगदर्शन एफसी ने गोलरहित (0-0) ड्रा खेला
संवाददाता
नई दिल्ली। एमेटी इंडियन नेशनल एफसी ने डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में अपना मुकाबला जीतकर पूरे तीन अंक बटोरे लेकिन पश्चिम हीरोज फुटबॉल क्लब और बंगदर्शन एफसी ने गोलरहित (0-0) ड्रा खेलकर एक-एक बांटा लिया। गुरुवार को पूर्वी दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में एमेटी इंडियन नेशनल एफसी ने ईमी हीरोज फुटबॉल क्लब को 3-2 से पराजित किया लेकिन दूसरा मुकाबला गोलरहित बराबरी पर छूटा क्योंकि दोनों टीमें पश्चिम हीरोज फुटबॉल क्लब और बंगदर्शन एफसी स्कोर करने में विफल रहीं। एमेटी इंडियन नेशनल एफसी की जीत में डिफेंडर विशाल, कप्तान व फॉरवर्ड हिदेश कादियान और फॉरवर्ड विकास दलाल ने एक-एक गोल दागा।

दिन के पहले मुकाबले में एमेटी इंडियन नेशनल एफसी और ईमी हीरोज फुटबॉल क्लब के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला लेकिन 3-2 का अंतिम परिणाम एमेटी इंडियन नेशनल के पक्ष में रहा। इस मुकाबले में दोनों टीमों ने पहले हाफ में एक-एक गोल किया, जिससे हाफ टाइम के समय स्कोर 1-1 से बराबर था। मैच का पहला गोल मिडफील्डर डेविड लालथांगसेई ने 18वें मिनट में गोल करके ईमी हीरोज को बढ़त दिलाई लेकिन डिफेंडर विशाल ने 21वें मिनट में बराबरी का गोल किया। दूसरे हाफ में कप्तान हितेश कादियान ने 47वें और फॉरवर्ड विकास दलाल ने 67वें मिनट में गोल करके एमेटी इंडियन नेशनल एफसी को 3-1 से आगे कर दिया। हालांकि ईमी हीरोज के मिडफील्डर एडवर्ड लेप्चा ने 81वें मिनट में स्कोर 2-3 करके मुकाबले को करीबी बनाने की कोशिश की, लेकिन रैफरी अली मोहम्मद की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक एमेटी इंडियन नेशनल के पक्ष में यही स्कोर बना रहा।

दिन के दूसरे मुकाबले में पश्चिम हीरोज फुटबॉल क्लब और बंगदर्शन एफसी ने गोलरहित (0-0) ड्रा खेला। इस मैच में तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों टीमें गोल करने में विफल रही। लिहाजा, मैच रैफरी मोहम्मद फजल की लंबी सीटी बजने तक स्कोर 0-0 रहा।

वरिष्ठ पत्रकार
