डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में दिल्ली पुलिस की धमाकेदार जीत
- दिल्ली पुलिस ने रॉयल फुटबॉल क्लब को 8-0 से रौंदा
- हॉप्स फुटबॉल क्लब और यंगस्टर एफसी ने 1-1 से ड्रा खेला
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में धमाकेदार जीत से पूरे तीन अंक बटोरकर शानदार आगाज किया लेकिन हॉप्स फुटबॉल क्लब और यंगस्टर एफसी 1-1 से ड्रा खेलकर एक-एक बांटने पर मजबूर हुए। शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में दिल्ली पुलिस ने रॉयल फुटबॉल क्लब को 8-0 से रौंदा लेकिन दूसरा मुकाबला हॉप्स फुटबॉल क्लब और यंगस्टर एफसी के बीच 1-1 बराबरी पर छूटा। दिल्ली पुलिस की जीत में स्थानापन्न फॉरवर्ड लालनुपुइया ने हैट्रिक समेत चार गोल किए। उनके अलावा फॉरवर्ड लालजार्माविआ ने दो और मिडफील्डर दिवस थारकान व स्थानापन्न फॉरवर्ड जांगखोहाओ खोंगसाई ने एक-एक गोल किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में यंगस्टर्स एफसी के लिए टॉमी सोंखोपाओ हॉकिप ने गोल किया जबकि हॉप्स की तरफ से तनिश ने गोल दागा।

दिन के पहले मुकाबले में दिल्ली पुलिस का दबदबा रॉयल फुटबॉल क्लब के ऊपर पूरी तरह से बना, जिसका उसने बड़ी आसानी से 8-0 की एकतरफा जीत हासिल की। इस मुकाबले का मुख्य आकर्षण स्थानापन्न फॉरवर्ड लालनुपुइया की हैट्रिक समेत चार गोल रहे। लालनुपुइया 63वें मिनट में बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी मैदान पर उतरे और उन्होंने 68वें, 70वें, 82वें और 90वें मिनट में गोल किए। उनसे पहले फॉरवर्ड लालजार्माविआ तीसरे और 33वें मिनट में गोल करके दिल्ली पुलिस को 2-0 की बढ़त दिला चुके थे। इस बीच मिडफील्डर दिवस थारकान ने 58वें व स्थानापन्न फॉरवर्ड जांगखोहाओ खोंगसाई ने 84वें मिनट में एक-एक गोल किया। रैफरी नीतू राणा की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक दिल्ली पुलिस के पक्ष में स्कोर 8-0 हो चुका था।

दिन के दूसरे मुकाबले में हॉप्स फुटबॉल क्लब और यंगस्टर एफसी ने 1-1 से ड्रा खेला। इस मैच में दोनों गोल हाफ टाइम से पहले हुए। पहला गोल यंगस्टर्स एफसी की ओर से हुआ जब मिडफील्डर टॉमी सोंखोपाओ हॉकिप ने 26वें मिनट में स्कोर कर दिया। लेकिन 41वें मिनट में तनिश ने गोल करके हॉप्स को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद कोई गोल नहीं हुआ, लिहाजा, मैच रैफरी मोहम्मद फजल की लंबी सीटी बजने तक स्कोर 1-1 रहा।

Clean Bold
