May 22, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में कॉलेजियन और उत्तराखंड जीते

  • कॉलेजियन एफसी ने कॉसिएंट फुटबॉल को 3-1 से पराजित किया
  • उत्तराखंड एफसी ने दिल्ली टाइगर्स एफसी को 2-1 से हराया

संवाददाता

नई दिल्ली। कॉलेजियन एफसी और उत्तराखंड एफसी ने डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में अपने मुकाबले जीतकर पूरे तीन अंक बटोरे। सोमवार को पूर्वी दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में कॉलेजियन एफसी ने कॉसिएंट फुटबॉल को 3-1 से पराजित किया जबकि उत्तराखंड एफसी ने दिल्ली टाइगर्स एफसी को 2-1 से हराया। कॉलेजियन एफसी की जीत में मिडफील्डर शिवेई बांकी रानमाई, फॉरवर्ड लाईखुराम राहुल सिंह और मिडफील्डर नितिन सिंह हरकोटिया ने एक-एक गोल किए। वहीं, दूसरे मुकाबले में उत्तराखंड एफसी को मिडफील्डर लिआनलाल जॉन नेईहसिअल और स्थानापन्न फॉरवर्ड विकास बिष्ट के गोल से जीत मिली। 

   दिन के पहले मुकाबले में कॉलेजियन एफसी ने कॉसिएंट फुटबॉल को 3-1 से हराया। इस मैच में फॉरवर्ड कनक राज वोहरा ने 30वें मिनट में गोल करके कॉसिएंट फुटबॉल को शुरुआत बढ़त दिला दी। लेकिन गोल खाने के बाद कॉलेजियन एफसी जैसे नींद से जाग उठी और 37वें मिनट में मिडफील्डर शिवेई बांकी रानमाई ने उसके लिए बराबरी का गोल दाग दिया। लिहाजा, मध्यांतर के समय स्कोर 1-1 ही बना रहा। लेकिन दूसरे हाफ में फॉरवर्ड लाईखुराम राहुल सिंह ने 69वें और मिडफील्डर नितिन सिंह हरकोटिया ने 82वें मिनट में गोल करके कॉलेजियन एफसी को 3-1 से आगे कर दिया। रैफरी मोहम्मद फजल की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक कॉलेजियन एफसी की बढ़त बनी रही।  

   दिन के दूसरे मुकाबले में उत्तराखंड एफसी ने दिल्ली टाइगर्स एफसी को 2-1 से शिकस्त दी। इस मैच का पहला गोल उत्तराखंड एफसी के स्थानापन्न फॉरवर्ड विकास बिष्ट ने 57वें मिनट में किया। मिडफील्डर लिआनलाल जॉन नेईहसिअल ने 70वें मिनट में गोल करके उत्तराखंड एफसी को 2-0 से आगे कर दिया। दिल्ली टाइगर्स के अभिजीत डोलोई ने 82वें मिनट में गोल करके अंतर 1-2 कर दिया। लेकिन उत्तराखंड एफसी ने रैफरी नितेश प्रसाद की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक अपनी बढ़त को बनाए रखा और संघर्षपूर्ण जीत हासिल की।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *